मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर घायलों के स्वास्थ्य की ली जानकारी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर घायलों के स्वास्थ्य की ली जानकारी


गंभीर मरीजों को जरूरत पड़ने पर मिलेगी एयर एम्बुलेंस की सुविधा, बेहतर इलाज के निर्देश

ग्वालियर/छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को ग्वालियर के जयारोग्य चिकित्सालय स्थित ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर शीतला माता मंदिर के समीप हुई दुर्घटना में घायल लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने उपचाररत मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में प्रदेश सरकार उनके साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी घायलों का बेहतर से बेहतर उपचार कराया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर गंभीर मरीजों को एयर एम्बुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

इस दौरान केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद भारत सिंह कुशवाह सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चिकित्सकों से चर्चा कर घायलों की स्वास्थ्य स्थिति और उपचार की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक मरीज को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। गंभीर रूप से घायल मरीजों की स्थिति पर विशेष निगरानी रखने और उनके उपचार की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि अस्पताल में उपचार व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाए और मरीजों एवं उनके परिजनों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए।

मृतकों के परिजनों और घायलों को मिलेगी आर्थिक सहायता

मुख्यमंत्री ने बताया कि दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को दो-दो लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की तात्कालिक आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।

उन्होंने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना है। दुर्घटना की गहन जांच के निर्देश दिए गए हैं। मामले में दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है और जांच में जो भी अन्य व्यक्ति दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ट्रॉमा सेंटर में सात घायलों का उपचार जारी

ग्वालियर जिले की सातऊ ग्राम पंचायत में शीतला माता मंदिर के समीप हुई दुर्घटना में घायल सात लोगों का जयारोग्य चिकित्सालय के ट्रॉमा सेंटर में उपचार चल रहा है। इनमें ग्वालियर के हुजरात पुल क्षेत्र निवासी 36 वर्षीय संजय शर्मा और सिंधियानगर निवासी 19 वर्षीय कल्पना की स्थिति गंभीर बताई गई है।

इसके अलावा माधवीनगर खताईपुरा निवासी 20 वर्षीय शुभम राठौर, हजीरा क्षेत्र निवासी 40 वर्षीय सोनू, ठाठीपुर निवासी 19 वर्षीय अभिषेक जाटव, टेकनपुर निवासी 28 वर्षीय राजबहादुर क्षेत्री तथा श्योपुर जिले के दूजापुर गांव निवासी सात वर्षीय बालक दिव्यांश का भी उपचार जारी है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सभी घायलों एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और बेहतर उपचार का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर अपेक्स बैंक के प्रशासक महेंद्र सिंह यादव, वन विकास निगम के अध्यक्ष रामनिवास रावत, जयप्रकाश राजौरिया, प्रेम सिंह राजपूत सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी ट्रॉमा सेंटर पहुंचे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने