आईपीएस कॉलेज में साइबर सुरक्षा, यातायात जागरूकता और पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित
विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव, यातायात नियमों के पालन और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश शासन के सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत परासिया रोड स्थित आईपीएस कॉलेज, छिंदवाड़ा में साइबर सुरक्षा, यातायात जागरूकता और पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका आयोजन मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की नवांकुर संस्था सेवा संकल्प वेलफेयर सोसाइटी, आईपीएस कॉलेज और पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
संयोजक संदीप अग्निहोत्री एवं कॉलेज प्राचार्य डॉ. जैमिनी खानवे की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन ठगी के प्रति जागरूक करना, यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था। कार्यक्रम जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक अखिलेश जैन के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में साइबर सेल प्रभारी टीआई कंचन सिंह राजपूत, साइबर विशेषज्ञ एसआई अभिषेक ठाकुर, यातायात प्रभारी संदीप सुनेश, आरआई लाखन सिंह बघेल, सूबेदार लोहित शेंडे और संदीप अग्निहोत्री मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
साइबर ठगी से बचाव के बताए उपाय
साइबर सेल प्रभारी कंचन सिंह राजपूत और साइबर विशेषज्ञ एसआई अभिषेक ठाकुर ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों, ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी साझा करने से होने वाले नुकसान और बैंकिंग संबंधी ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपनी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और डिजिटल लेनदेन करते समय विशेष सावधानी बरतें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।
यातायात नियमों का पालन करने की अपील
यातायात प्रभारी संदीप सुनेश और सूबेदार लोहित शेंडे ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की समझाइश दी।
वक्ताओं ने कहा कि यातायात नियमों का पालन प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। थोड़ी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए सभी को अपनी सुरक्षा के साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखना चाहिए।
संस्था अध्यक्ष डॉ. चंद्रकांत विश्वकर्मा और प्रवक्ता डॉ. डीएस चौरे ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा की जानकारी प्रत्येक विद्यार्थी और नागरिक के लिए आवश्यक है। जागरूकता एवं सतर्कता से ऑनलाइन ठगी के जोखिम को कम किया जा सकता है। वहीं, यातायात नियमों का पालन जीवन की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विद्यार्थियों को जागरूक कर जिम्मेदार नागरिक बनाना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद से संबद्ध नवांकुर संस्था सेवा संकल्प वेलफेयर सोसाइटी समाजसेवा, जनजागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण के कार्यों के माध्यम से सकारात्मक सामाजिक बदलाव लाने के लिए प्रयासरत है।
पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम के दौरान पौधारोपण कर विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने और हरित वातावरण के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया गया। आयोजकों ने कहा कि पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण करना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
कॉलेज स्टाफ, विद्यार्थी और सामाजिक कार्यकर्ता रहे उपस्थित
कार्यक्रम में आईपीएस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जैमिनी खानवे, राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त वरिष्ठ समाजसेवी विनोद तिवारी, संस्था उपाध्यक्ष आराधना शुक्ला, प्रवक्ता डॉ. डीएस चौरे, विधि सलाहकार मुकेश दीक्षित, परामर्शदाता डॉ. लता नागले, कमलेश डेहरिया, उर्मिला सिंह, मंजू डेहरिया, डॉ. मीरा पराड़कर, नितिन गडकरी, दीप्ति नाग सहित महाविद्यालय के स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
इसके अलावा राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी रितेश मालवीय, अमित गजभिए, डॉ. झा, विनोद साहू, अनु झा, डॉ. हंसा राजपूत, सोमेश मिश्रा, असीम, मोहित और पंकज चौरसिया सहित अन्य गणमान्यजन भी शामिल हुए।
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के अंतर्गत संचालित सीएमसीएलडीपी के विद्यार्थी, नवांकुर संस्था के पदाधिकारी, प्रस्फुटन समितियों के सदस्य, परामर्शदाता, कॉलेज के प्राध्यापक और विद्यार्थी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थितजनों को साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के संदेश परिवार एवं समाज तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी रितेश मालवीय ने किया। अंत में संस्था अध्यक्ष डॉ. चंद्रकांत विश्वकर्मा ने अतिथियों, पुलिस अधिकारियों, साइबर विशेषज्ञों, कॉलेज प्रबंधन, विद्यार्थियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।