ग्राम खड़ुआ में निकली कलश यात्रा, जल संरक्षण का दिया संदेश
‘शक्ति से सृजन’ अभियान के तहत नदी में दीपदान और पौधारोपण, नवांकुर सखियों ने लिया जल संरक्षण का संकल्प
छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में ‘शक्ति से सृजन’ अभियान के अंतर्गत विकासखंड तामिया के ग्राम खड़ुआ में कलश यात्रा का आयोजन किया गया। जिला समन्वयक अखिलेश जैन के मार्गदर्शन एवं विकासखंड समन्वयक ललिता कुशरे की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं, बालिकाओं और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का आयोजन नवांकुर संस्था सतपुड़ांचल जन कल्याण समिति एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति जैतपुर के सहयोग से किया गया।
कलश यात्रा के साथ किया दीपदान एवं पौधारोपण
कार्यक्रम के दौरान ग्राम में कलश यात्रा निकाली गई। इसके बाद गांव से होकर निरंतर बहने वाली नदी में दीपदान किया गया। इस गतिविधि के माध्यम से धार्मिक आस्था और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति सम्मान प्रकट किया गया। साथ ही पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर नवांकुर सखियों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई। उपस्थित लोगों ने जल के महत्व को समझते हुए इसके संरक्षण और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।
महिलाओं और ग्रामीणों ने उत्साह से लिया भाग
कार्यक्रम में नवांकुर संस्था प्रभारी प्रदीप कुमार उइके, मेंटर स्वाति सूर्यवंशी, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के सचिव दुरकसा, समिति के सदस्य, नवांकुर सखियां, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
‘शक्ति से सृजन’ अभियान के तहत आयोजित इस गतिविधि का उद्देश्य धार्मिक आस्था, भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं को प्रोत्साहित करने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक एकता, सामूहिक सहभागिता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना रहा। ग्रामीणों की सहभागिता से कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।