श्रीशक्ति सीएलएफ जमुनिया की वार्षिक आमसभा आयोजितस्व-सहायता समूह की महिलाओं ने साझा की सफलता की कहानियां, उत्कृष्ट कार्य करने वाली दीदियों एवं समूहों का सम्मान

श्रीशक्ति सीएलएफ जमुनिया की वार्षिक आमसभा आयोजित

स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने साझा की सफलता की कहानियां, उत्कृष्ट कार्य करने वाली दीदियों एवं समूहों का सम्मान

छिन्दवाड़ा। मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत विकासखंड छिंदवाड़ा के श्रीशक्ति संकुल स्तरीय संगठन (सीएलएफ) जमुनिया की वार्षिक आमसभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद विवेक बंटी साहू उपस्थित रहे।

आमसभा में संकुल स्तरीय संगठन की वर्षभर की उपलब्धियों, कार्यों और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई। इस दौरान पूर्व वर्ष के कार्यों एवं उपलब्धियों के साथ वैधानिक और आंतरिक अंकेक्षण की रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई।

महिलाओं ने साझा किए सफलता के अनुभव

कार्यक्रम में स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं। महिलाओं ने बताया कि समूहों से जुड़ने के बाद उन्हें आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनने के अवसर मिले हैं। कई महिलाएं लखपति दीदी बनकर परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

सांसद विवेक बंटी साहू ने महिलाओं के अनुभवों की सराहना करते हुए कहा कि स्व-सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने समूहों को और मजबूत करने तथा शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ पात्र महिलाओं तक पहुंचाने पर जोर दिया। साथ ही संकुल से जुड़ी अधिक से अधिक दीदियों को लखपति दीदी की श्रेणी में लाने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान

आमसभा के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्व-सहायता समूह, उत्कृष्ट ग्राम संगठन, लखपति दीदी, उत्कृष्ट सीआरपी एवं बैंक सखी को सम्मानित किया गया। सम्मानित प्रतिभागियों को उनके कार्यों के लिए प्रोत्साहित करते हुए अन्य समूहों को भी उनसे प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया।

सीएलएफ के मार्गदर्शन मंडल ने समूह की महिलाओं को संगठन को मजबूत बनाने, वित्तीय अनुशासन बनाए रखने और सामूहिक रूप से आजीविका गतिविधियों को आगे बढ़ाने के संबंध में मार्गदर्शन दिया। इस अवसर पर समूह सदस्यों को सत्यनिष्ठा एवं पारदर्शी वित्तीय लेन-देन की शपथ भी दिलाई गई।

आजीविका गतिविधियों को बढ़ाने पर जोर

बैठक में जिला प्रबंधक आईवीसीबी रवेन्द्र येड़े एवं सुक्खन कवड़े ने सामाजिक संस्थाओं और सामुदायिक संगठनों के सशक्तिकरण को लेकर मार्गदर्शन दिया।

कार्यक्रम में विकासखंड प्रबंधक कपिल पटवा, सहायक विकासखंड प्रबंधक अमर बहादुर, सीएलएफ नोडल प्रकाश महोबिकर, सृजन संस्था के रामभजन, छिंदवाड़ा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी के सीईओ दीपक कब्जे, लेखपाल अंबर नायक, भारतीय जीवन बीमा निगम के विकास अधिकारी दीपक सूर्यवंशी सहित अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। साथ ही श्रीशक्ति सीएलएफ से जुड़े विभिन्न ग्रामों के स्व-सहायता समूहों के अध्यक्ष, सचिव एवं बड़ी संख्या में समूह सदस्य मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने