ग्राम मड़काढाना में प्रस्फुटन समिति शक्ति संचय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजितग्रामीण विकास, बैंकिंग साक्षरता और समिति के पारदर्शी संचालन के संबंध में दी गई जानकारी, प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित

ग्राम मड़काढाना में प्रस्फुटन समिति शक्ति संचय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित


ग्रामीण विकास, बैंकिंग साक्षरता और समिति के पारदर्शी संचालन के संबंध में दी गई जानकारी, प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित

छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में जिला समन्वयक अखिलेश जैन एवं विकासखंड समन्वयक संजय बामने के मार्गदर्शन में विकासखंड जुन्नारदेव की ग्राम पंचायत मड़काढाना में प्रस्फुटन समिति शक्ति संचय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण विकास को गति देना, सामुदायिक सहभागिता बढ़ाना तथा प्रस्फुटन समितियों को अधिक प्रभावी और सशक्त बनाना रहा।

कार्यक्रम में विकासखंड समन्वयक संजय बामने, ग्राम पंचायत सरपंच झामसिंग पंद्राम, उपसरपंच सुनील यदुवंशी तथा दृष्टि सामाजिक विकास एवं कल्याण समिति नवांकुर समिति के अध्यक्ष बुनेश राजबैठे सहित प्रमुख परामर्शदाता सरजू विश्वकर्मा, दीपा मेश्राम, योगिया मर्सकोले एवं गोविंद नंदवंशी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, अतिथियों के स्वागत और प्रेरणादायी उद्बोधन के साथ हुआ। इस दौरान प्रतिभागियों का पंजीयन भी किया गया।

विभिन्न सत्रों में दिया गया प्रशिक्षण

दिनभर चले प्रशिक्षण कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को ग्रामीण विकास एवं समिति संचालन से जुड़े विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन दिया। योगिया मर्सकोले ने मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के परिचय, उद्देश्यों और आगामी लक्ष्यों की जानकारी दी। वहीं, दीपा मेश्राम ने प्रस्फुटन समिति को प्रभावी स्वयंसेवी संगठन के रूप में विकसित करने के व्यावहारिक पहलुओं पर प्रकाश डाला।

परामर्शदाता सरजू विश्वकर्मा ने ग्रामीण विकास में संवाद कौशल की भूमिका और आधुनिक तकनीकों के उपयोग का महत्व समझाया। गोविंद नंदवंशी ने समितियों के सुचारु एवं पारदर्शी संचालन के लिए दस्तावेजीकरण की आवश्यकता और उसकी प्रक्रिया की जानकारी दी। इसके साथ ही राकेश यादव ने बैंकिंग साक्षरता विषय पर प्रशिक्षण प्रदान किया।

ग्रामीण विकास में समितियों की भूमिका पर जोर

प्रशिक्षण के अंतिम सत्र में प्रतिभागियों से सुझाव एवं फीडबैक प्राप्त किया गया। उपस्थित अतिथियों और प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को ग्रामीण विकास तथा सामुदायिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम के समापन पर सहभागी सदस्यों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

पदाधिकारी एवं सदस्य रहे उपस्थित

कार्यक्रम में सरपंच झामसिंग पंद्राम, उपसरपंच सुनील यदुवंशी, बुनेश राजबैठे, सरजू विश्वकर्मा, दीपा मेश्राम, योगिया मर्सकोले एवं गोविंद नंदवंशी सहित ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के पदाधिकारी, अध्यक्ष, सचिव और सदस्य उपस्थित रहे।

इनमें सुभाष यदुवंशी, दुर्गेश उइके, धन्नू नागवंशी, मुन्नालाल कायदा, इंदरलाल लोबो, कमल राज भोपा, स्वाति उईके, गायत्री उईके, डॉली साहू, अंजुना बटके, भारती पंद्राम, चुन्नीलाल बानवंशी, राजकुमार बेलवंशी, अंजली दर्शमा, रीतू दर्शमा, गीता राजबैठे सहित अन्य सदस्य शामिल थे।

कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक भागीदारी, संगठनात्मक क्षमता और पारदर्शी कार्यप्रणाली को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने