सांसद बंटी विवेक साहू ने उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा से की मुलाकात
छिंदवाड़ा-पांढुर्णा के विकास कार्यों और जनहित के मुद्दों पर हुई चर्चा, स्वीकृत कार्यों के लिए राशि जारी करने का किया आग्रह
छिंदवाड़ा। भोपाल प्रवास के दौरान सांसद बंटी विवेक साहू ने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा संसदीय क्षेत्र के विकास, जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों तथा स्वीकृत विकास कार्यों को लेकर चर्चा की।
सांसद साहू ने दोनों जिलों में चल रहे और स्वीकृत विकास कार्यों की प्रगति से उपमुख्यमंत्री को अवगत कराया। उन्होंने क्षेत्र में बेहतर सुविधाओं के विस्तार, विकास कार्यों में तेजी लाने तथा जनकल्याण से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देने पर भी चर्चा की।
स्वीकृत कार्यों के लिए राशि जारी करने का आग्रह
मुलाकात के दौरान सांसद ने छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिलों में स्वीकृत विकास कार्यों के लिए आवश्यक राशि जल्द जारी करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि स्वीकृत कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता आवश्यक है। इस संबंध में उन्होंने उपमुख्यमंत्री से सहयोग का अनुरोध किया।
सांसद ने अपने कार्यकाल के दौरान दोनों जिलों में स्वीकृत कराए गए विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी भी साझा की। उन्होंने क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप आगामी विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने को लेकर भी चर्चा की।
सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों की दी जानकारी
मुलाकात के दौरान सांसद ने भाजपा संगठन की ओर से दोनों जिलों में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित गतिविधियों की जानकारी भी उपमुख्यमंत्री को दी। साथ ही आगामी कार्यक्रमों और जनसेवा से जुड़ी गतिविधियों के बारे में अवगत कराया।
उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने सांसद बंटी विवेक साहू को छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा के विकास कार्यों में आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।