गर्ल्स कॉलेज में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
छात्राओं ने रंगोली और पोस्टर के माध्यम से दिया जागरूकता का संदेश, मनहित ऐप एवं टेली-मानस हेल्पलाइन की दी जानकारी
छिंदवाड़ा। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर गर्ल्स कॉलेज छिंदवाड़ा में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मनोरोग विभागाध्यक्ष डॉ. शरद मनोरे, डॉ. तुषार तल्हान, क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. वर्मा तथा मनोरोग नर्सिंग अधिकारी रुपाली यादव उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने मानसिक स्वास्थ्य विषय पर आकर्षक रंगोली एवं पोस्टर बनाकर तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व का संदेश दिया। छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से बताया कि शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी आवश्यक है।
मनहित ऐप और टेली-मानस हेल्पलाइन की दी जानकारी
कार्यक्रम में छात्राओं को मनहित ऐप तथा टेली-मानस मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन नंबर 1800-891-4416 की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि मानसिक तनाव, चिंता, अवसाद या अन्य मानसिक परेशानियों की स्थिति में विशेषज्ञों से परामर्श एवं सहायता लेना महत्वपूर्ण है। टेली-मानस सेवा के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सहायता प्राप्त की जा सकती है।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा मानसिक समस्याओं से जुड़े संकोच और भेदभाव को दूर करना रहा। इस अवसर पर छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित समस्याओं पर खुलकर बात करने, दूसरों की भावनाओं को समझने और आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञों की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना, समय पर सहायता लेना और एक-दूसरे के प्रति संवेदनशील रहना स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण के लिए महत्वपूर्ण है।