लोकार्पण के अगले ही दिन संदीपनी विद्यालय की बाउंड्रीवाल में आई दरार, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल
करोड़ों की लागत से बने विद्यालय भवन के पास क्षतिग्रस्त दीवार ने खोली निर्माण कार्यों की पोल, तकनीकी जांच की मांग
तामिया। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर 14 नवंबर 2026 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में वर्चुअल लोकार्पण किए गए तामिया के संदीपनी विद्यालय की बाउंड्रीवाल में अगले ही दिन लंबी दरार दिखाई देने से निर्माण गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। दीवार में ऊपर से नीचे तक आई दरार को देखकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता और विभागीय निगरानी पर सवाल उठने लगे हैं।गौरतलब है कि करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित संदीपनी विद्यालय एवं आदर्श आंगनवाड़ी भवन का लोकार्पण जनजातीय गौरव दिवस पर किया गया था। लोकार्पण के तत्काल बाद बाउंड्रीवाल में दरार सामने आने से स्थानीय स्तर पर निर्माण कार्य को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
विद्यालय के लोकार्पण शिलालेख पर केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उइके, मंत्री कुंवर विजय शाह, राकेश सिंह, संपतिया उइके, सांसद विवेक बंटी साहू एवं विधायक सुनील उइके सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के नाम अंकित हैं।
अब बड़ा सवाल यह है कि लोकार्पण के अगले ही दिन दीवार में दरार आने की वजह क्या है? क्या निर्माण के दौरान निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन किया गया था? मामले में संबंधित विभाग द्वारा तकनीकी निरीक्षण कराकर निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराए जाने तथा जिम्मेदारी तय करने की मांग उठ रही है।

एक टिप्पणी भेजें