दीपावली पर जुए का खेल पड़ा महंगा, जुन्नारदेव में तीन आरोपी गिरफ्तार
दीपावली के दौरान जुए पर पुलिस का शिकंजा, जुन्नारदेव में तीन आरोपी गिरफ्तार
ताश के 52 पत्ते और 2 हजार रुपये नकद जब्त, त्योहार की आड़ में जुआ खेलने वालों को पुलिस का सख्त संदेश
जुन्नारदेव। दीपावली के पावन पर्व के दौरान जुए जैसी सामाजिक बुराई पर अंकुश लगाने के लिए जुन्नारदेव पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नगर के वार्ड क्रमांक 13 स्थित सग्गम गोलाई के समीप सोमवार दोपहर जुआ खेल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में जुआ खेलने वालों में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने मौके से राजेश ढाकरे पिता सुखराम ढाकरे उम्र 50 वर्ष निवासी सग्गम, दिनेश ढाकरे पिता सुखलाल ढाकरे उम्र 38 वर्ष निवासी सग्गम गोलाई तथा गया प्रसाद यादव पिता झीना राम उम्र 60 वर्ष निवासी सग्गम गोलाई को पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से ताश के 52 पत्ते एवं 2 हजार रुपये नकद जब्त किए गए। पुलिस ने जुआ एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की।
थाना प्रभारी के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई थाना प्रभारी जे. मसराम के निर्देशन में उपथाना प्रभारी मुकेश डोंगरे, एएसआई राजकुमार कुमरे, प्रधान आरक्षक दिलीप उपाध्याय, आरक्षक संतोष धुर्वे, महेश उईके एवं नीलेश पाल की टीम द्वारा की गई।
दीपावली खुशियों का त्योहार है, जुए का नहीं
दीपावली का पर्व परिवार के साथ खुशियां बांटने, प्रेम और भाईचारे को मजबूत करने का संदेश देता है। ऐसे पावन अवसर पर जुए में मेहनत की कमाई दांव पर लगाना कई परिवारों की खुशियां छीन सकता है। जुन्नारदेव पुलिस की यह कार्रवाई जुआ खेलने वालों के लिए स्पष्ट चेतावनी है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। नागरिकों से अपील है कि दीपावली का त्योहार शांति, सद्भाव और उल्लास के साथ मनाएं तथा जुए और सट्टे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहें।

एक टिप्पणी भेजें