जिला खनि अधिकारी श्री मनीष पालेवार ने बताया कि जारी वित्तीय वर्ष में अवैध गतिविधियों पर कार्यवाही के दृष्टिगत बनाये गये प्रकरणों में दिसम्बर 2022 के अंत तक 1 करोड 3 लाख रुपये का अर्थदण्ड राजस्व के रूप में जमा कराया गया है । खनि शाखा द्वारा अवैध भंडारण, परिवहन एवं उत्खनन की गतिविधियों पर लगातार प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की जा रही है । इसी तारतम्य में विगत दिवस आकस्मिक जांच के दौरान चौरई तहसील के ग्राम सिरेगांव में बिना नंबर के 2 ट्रैक्टर ट्राली अवैध खनिज रेत का उत्खनन करते हुये पाये जाने पर जप्त किये जाकर थाना प्रभारी चौरई की अभिरक्षा में रखा जाकर प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है । इस कार्यवाही में खनि निरीक्षक स्नेहलता ठवरे एवं खनि अमला शामिल था । उसी दिन अनुभाग जुन्नारदेव के अंतर्गत कट्टा नदी में खनिज बोल्डर का अवैध रूप से संग्रहण कर वाहन में भरते हुये पाये जाने पर खनि निरीक्षक श्री बसंत कुमार पाटिल द्वारा 2 ट्रेक्टर वाहनों को मौके से जप्त कर थाना प्रभारी दमुआ की अभिरक्षा में रखा जाकर प्रकरण पंजीबध्द किया गया है । इसी प्रकार खनिज मुरूम का अवैध रूप से परिवहन करते हुये पाये जाने पर खनि निरीक्षक श्री बसंत कुमार पाटिल द्वारा खनिज परिवहन हेतु वांछित अभिवहन पास (रायल्टी) न पाये जाने से वाहन को जप्त करते हुये चौकी प्रभारी डोंगरिया की अभिरक्षा में रखा गया है। इन सभी अवैध गतिविधियों में संलिप्त जप्तशुदा वाहनों (चालक/मालिक) पर म.प्र. खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम 2022 के अंतर्गत कार्यवाही के लिये प्रस्ताव तैयार कर सक्षम प्राधिकृत की ओर प्रेषित करने की कार्यवाही की जा रही है।

0 टिप्पणियाँ