राज्य स्तरीय मृगनयनी हस्तशिल्प एवं हाथकरघा प्रदर्शनी के प्रभारी एवं प्रबंधक श्री अरविंद शर्मा ने बताया कि प्रदर्शनी में प्रवेश एवं पार्किंग सेवा नि:शुल्क है तथा आत्मनिर्भर भारत के अंतर्गत एक जिला एक उत्पाद में भोपाल की जरी जरदोजी, बुदनी के खिलौने, चंदेरी महेश्वरी बाग प्रिंट और उज्जैन का बटिक प्रिंट की सामग्री प्रदर्शन सह विपणन किया जायेगा। उन्होंने बताया कि आयुक्त हाथकरघा सह प्रबंध संचालक म.प्र.हस्तशिल्प एवं हाथकरघा विकास निगम सुश्री श्रीवास्तव का प्रयास है कि हाथकरघा एवं हस्तशिल्प के बुनकर/हस्तशिल्प कारीगरों को रोजगार और छिंदवाडावासियों को उतम हस्तशिल्प सामग्री प्राप्त हो सके। उन्होंने बताया कि इस प्रदर्शनी की खासियत विश्व धरोहर चंदेरी एवं महेश्वरी की साड़ियों पर सांची एवं खजुराहो के मंदिरों को प्रतिकृतियों पर बुनाई के माध्यम से दर्शाया गया है साथ ही रेशम, किनार, चन्देरी, मसलिन, कॉटन साड़ियाँ, देवी अहिल्या बाई होल्कर नगरी की महेश्वर साडियाँ, मध्यप्रदेश का विशेष बाग प्रिंट जिसे 12 जड़ी बूटियों से प्रिंट किया गया है, पंच धातु बेल मेटल की मूर्तियाँ, टीकमगढ़ एवं भोपाल की जरी जरदोजी, बुदनी के खिलौने, शिफान मलबरी, कोसा व इंडिगो प्रिंट की साडियाँ और मटेरियल के साथ ही मृगनयनी म.प्र.के अन्य मनभावन हस्तशिल्प प्रदर्शन सह विपणन है। कार्यक्रम में हस्तशिल्प व हाथकरघा विकास निगम के श्री के.के.बांगरे, हाथकरघा कार्यालय सौंसर के सहायक संचालक श्री संजय श्रीवास्तव और श्री रोहित रूसिया भी उपस्थित थे।
आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में मध्यप्रदेश हस्तशिल्प एवं हाथकरघा विकास निगम भोपाल द्वारा 24 दिसम्बर से 3 जनवरी तक स्थानीय पूजा लॉन परासिया रोड छिंदवाड़ा में भव्य स्तर पर राज्य स्तरीय मृगनयनी हस्तशिल्प एवं हाथकरघा प्रदर्शनी 2022 का आयोजन किया गया है । इस प्रदर्शनी का मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री हरेन्द्र नारायण द्वारा आज शाम 5 बजे शुभारम्भ किया गया । उज्जैन और भोपाल के शहनाई वादकों के शहनाई वादन से प्रदर्शनी का शुभारम्भ हुआ जिसमें लगभग 40 से 45 शिल्पकार अपनी कलाकृतियों का प्रदर्शन सह विपणन कर रहे हैं। आयुक्त हाथकरघा सह प्रबंध संचालक म.प्र.हस्तशिल्प एवं हाथकरघा विकास निगम सुश्री अनुभा श्रीवास्तव ने हाथकरघा की बारीकियों से छिंदवाडावासियों को अवगत कराने के उद्देश्य से शुभारम्भ कार्यक्रम में हाथकरघा के लूम का प्रदर्शन भी कराया।
Tags
छिंदवाड़ा
