कर्नाटक राज्य के धारबाड़ में 26 वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव हुबली का आयोजन 12 से 16 जनवरी तक

कर्नाटक राज्य के धारबाड़ में 26 वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव हुबली का आयोजन 12 से 16 जनवरी तक

राष्ट्रीय युवा महोत्सव में शामिल होंगे छिंदवाड़ा जिले के जय मानस नेहरु युवा मंडल इकलेहरा के कलाकार

स्वामी विवेकानंद जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मुख्य आतिथ्य में भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय और कर्नाटक सरकार के संयुक्त तत्वधान में विकसित युवा विकसित भारत की थीम पर आगामी 12 से 16 जनवरी तक कर्नाटक राज्य के धारबाड़ में 26 वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव हुबली का आयोजन किया गया है । देश के इस सबसे बड़े आयोजन में विभिन्न विधाओं में लोकगीत, लोक नृत्य, फूड फेस्टिवल, युवा कृति, यंग आर्टिस्ट्स, युवा सम्मेलन आदि विभिन्न कार्यक्रमों के साथ ही रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे । इस राष्ट्रीय युवा महोत्सव में जिले के विकासखंड परासिया के ग्राम इकलेहरा के जय मानस नेहरु युवा मंडल के कलाकार जिले की संस्कृति आदिवासी सैला और गेड़ी नृत्य का बड़े ही हर्षोल्लास के साथ प्रदर्शन करेंगे। उल्लेखनीय है कि जय मानस नेहरु युवा मंडल का लोक नृत्य दल विगत 25 वर्षों से जिले की संस्कृति को विभिन्न मंचों के माध्यम से अपने लोक नृत्य का प्रदर्शन कर रहा है तथा देश के अन्य राज्यों के साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर विजेता  बनने के बाद 26 जनवरी 2022 को नई दिल्ली के गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में आयोजित सांस्कृतिक प्रदर्शन में राजपथ दिल्ली में भी अपने लोक नृत्य का प्रदर्शन कर चुका है ।
जय मानस नेहरु युवा मंडल के दल प्रभारी विजय कुमार बंदेवार ने बताया कि इस राष्ट्रीय युवा महोत्सव में शामिल होने के लिये दल के सभी कलाकारों में बड़ा ही उत्साह और उमंग है । उन्होंने इस कार्यक्रम में दल की सहभागिता के लिये नेहरू युवा केंद्र मध्यप्रदेश के संचालक श्री सुरेंद्र शुक्ला और नेहरु युवा केंद्र के जिला युवा समन्वयक श्री के.के.उरमलिया के प्रति धन्यवाद व आभार व्यक्त किया है। उनहोंने बताया कि राष्ट्रीय युवा महोत्सव में दल के 30 कलाकार आज मंगलवार को हुबली धारवाड़ कर्नाटक के लिए रवाना हो गये हैं । इस दल को 12 से 16 जनवरी तक आयोजित राष्ट्रीय महोत्सव में शामिल होकर देश की संस्कृति के साथ ही एक राज्य से दूसरे राज्य की संस्कृति को देखने, प्रदर्शन करने व समझने का मौका मिलेगा । राष्ट्रीय युवा महोत्सव में दल के कलाकार सर्वश्री हरिराम विश्वकर्मा, गोविंदा यदुवंशी, विजय बंदेवार, रामकुमार यादव, भारत यदुवंशी, प्रहलाद यादव, मयूर डेहरिया, प्रथम चौरसिया, करिश्मा, नीतू बंदेवार, खुशी धुर्वे, अर्चना परतेती, श्रीमती राजेश्वरी डेहरिया, अर्चना, रुचिता, सिध्दांत, सुनील बंशकार, संतोष पवार आदि शामिल होंगे ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ