जनसुनवाई : कलेक्ट्रेट में सुनी गई 200 आवेदकों की समस्याएं


राज्य शासन के जनसुनवाई कार्यक्रम के अंतर्गत प्रति सप्ताह मंगलवार को आम नागरिकों की समस्याओं की सुनवाई की जाती है और संबंधित विभाग के अधिकारियों से इन समस्याओं का त्वरित निराकरण कराया जाता है । कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले के मार्गदर्शन में अपर कलेक्टर श्री ओ.पी.सनोडिया ने आज जनसुनवाई कार्यक्रम के अंतर्गत कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में 200 आवेदकों की समस्यायें सुनी । इस दौरान जिले के शहरी और ग्रामीण, दूरस्थ अंचलों से आये आवेदकों ने सामूहिक और व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपनी समस्याओं के निराकरण के लिये आवेदन प्रस्तुत किये । आज जनसुनवाई में मुख्य रूप से अनुकंपा नियुक्ति दिलाने, सीमाकंन व बंटवारा करने, प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि दिलाने, भूमि का कब्जा दिलाने व आवासीय पट्टा प्रदाय करने, अवैध कब्जा हटाने, ट्रांसफार्मर का लोड बढ़ाने, सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन, जीपीएफ व अन्य राशि का भुगतान करने, प्रसूति सहायता राशि दिलाने, आर्थिक सहायता दिलाने आदि से संबंधित आवेदन प्राप्त हुये। जनसुनवाई के दौरान आवेदकों के बैठने की व्यवस्था भी की गई थी ।  
    अपर कलेक्टर श्री सनोडिया ने विभिन्न आवेदनों में तत्काल प्रकरण नोट कराते हुए तत्परता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिये। जनसुनवाई कार्यक्रम में ग्राम सोनपठार की श्रीमती सरस्वती धुर्वे ने कृषि भूमि का सीमांकन करने, ग्राम खैरीभोपाल की श्रीमती राजकली सिन्द्रामी ने गरीबी रेखा कार्ड बनाने, ग्राम थोटामाल के श्री अर्जुन मिनोटे ने कुक्कुट पालन के लिये ऋण दिलाने, परासिया के श्री शिखर वासनिक ने अनुकंपा नियुक्ति दिलाने व श्री बलराम दास ने समयमान वेतनमान का लाभ दिलाने, ग्राम पगारा की श्रीमती राजकुमारी सूर्यवंशी ने बजाज फायनेंस का ऋण माफ कराने व पति के इलाज के लिये आर्थिक सहायता दिलाने, ग्राम बोरपानी के दिव्यांग श्री मेहरशा उईके ने बैटरी वाली ट्रायसायकिल दिलाने, ग्राम सांख के श्री जगदीश यादव ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास दिलाने, ग्राम महुआटोला की श्रीमती शोभा नामदेव ने मुख्यमंत्री संबल योजना के अंतर्गत अनुग्रह सहायता राशि दिलाने, ग्राम दूधगांव के श्री किसनलाल धुर्वे ने आयुष्मान कार्ड बनाने, ग्राम पुलपुलडोह के ग्रामवासियों ने तालाब की पट्टा अवधि बढ़ाने, छिंदवाड़ा नगर की श्रीमती सोनम साहू ने मुख्यमंत्री संबल कार्ड को पुनर्जीवित कराने, गुरैया की श्रीमती रूपा सालवे ने अपने पुत्र का स्थानांतरण प्रमाण पत्र दिलाने, रामाकोना के वार्डवासियों ने नल-जल योजना के अंतर्गत पेयजल उपलब्ध कराने, जुन्नारदेव के श्री शंकर ने पुत्र का जाति प्रमाण पत्र बनाने आदि के आवेदन प्रस्तुत किये। इस दौरान कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संयुक्त कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय और संबंधित अधिकारियों द्वारा भी आवेदनों पर सुनवाई की गई, जबकि अन्य सभी खंड स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से शामिल हुये।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ