जुन्नारदेव नगरपालिका पर कांग्रेस का हमला: भ्रष्टाचार, लापरवाही और अनियमितताओं के खिलाफ विरोध प्रदर्शन

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
जुन्नारदेव नगरपालिका पर कांग्रेस का हमला: भ्रष्टाचार, लापरवाही और अनियमितताओं के खिलाफ विरोध प्रदर्शन
सफाई से लेकर विकास तक सब ठप: नगरपालिका में भ्रष्टाचार और लापरवाही का खेल, नहीं हुई कार्यवाही तो विधायक सुनील उइके के नेतृत्व में करेंगे जन आंदोलन-अरुण साहू

जुन्नरदेव से मुकेश बरखाने संवाददाता जुन्नारदेव ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जुन्नारदेव ने नगरपालिका परिषद की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अरुण साहू और नगर कांग्रेस अध्यक्ष अरुणेश जायसवाल ने नगरपालिका के खिलाफ ज्ञापन सौंपते हुए इसे जनता विरोधी और भ्रष्टाचार में लिप्त बताया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस बड़ा जन आंदोलन करेगी।

अनियमितताओं का लंबा सिलसिला
कांग्रेस नेताओं ने नगरपालिका पर आरोपों की झड़ी लगाते हुए कहा कि यह संस्था भ्रष्टाचार और लापरवाही का अड्डा बन गई है। जनसेवा के नाम पर की जा रही अनियमितताओं ने शहरवासियों का जीवन कठिन बना दिया है। ज्ञापन में प्रमुख मुद्दों पर प्रकाश डाला गया:

मुख्य आरोप और समस्याएं
 स्वास्थ्य सामग्री में धांधली
बारिश के मौसम में ब्लीचिंग पाउडर, फिटकरी, और फिनाइल जैसी सामग्रियों की बड़े पैमाने पर खरीद की गई, लेकिन उनका उपयोग नहीं किया गया। यह खरीददारी कागजों तक सीमित होने का संदेह है।

 विद्युत विभाग में अनियमितता
विद्युत रखरखाव के लिए ठेका दी गई एजेंसी बिना काम पूरा किए चली गई, लेकिन उसे मोटी रकम का भुगतान किया गया। नगर परिषद ने इस पर कोई कठोर कदम नहीं उठाया।

डामरीकरण और जलभराव की समस्या
शहर के मुख्य मार्ग पर किए गए डामरीकरण कार्य में खराब गुणवत्ता की शिकायतें हैं। जगह-जगह जलभराव की स्थिति बनी रहती है, जिससे लोगों को असुविधा हो रही है।

 सब्जी मंडी का विकास ठप
कांग्रेस परिषद द्वारा शुरू किया गया सब्जी मंडी का विकास कार्य भाजपा परिषद ने रोक दिया है, जिससे व्यापारियों और किसानों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

धार्मिक स्थलों पर गंदगी
श्रावण मास और त्योहारों के दौरान धार्मिक स्थलों पर सफाई व्यवस्था का अभाव बना रहता है, जिससे श्रद्धालुओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

खेल मैदान की बदहाली
नेहरू स्टेडियम के पुनर्निर्माण के नाम पर लाखों रुपये खर्च हो चुके हैं, लेकिन भ्रष्टाचार और लापरवाही के चलते इसकी स्थिति और बिगड़ चुकी है।

भेदभावपूर्ण विकास कार्य
कांग्रेस पार्षदों के वार्डों में जानबूझकर विकास कार्य रोके जा रहे हैं। जल निकासी, नाली निर्माण, और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं नदारद हैं।

जनता के हक पर डाका

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा शासित नगरपालिका जनता के टैक्स का दुरुपयोग कर रही है। विकास कार्य कागजों पर दिखाए जा रहे हैं, जबकि हकीकत में आमजन परेशान हैं।

कांग्रेस की चेतावनी

कांग्रेस ने ज्ञापन में साफ किया कि अगर इन मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो वे सड़क पर उतरकर बड़ा जन आंदोलन करेंगे। कांग्रेस ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की। इस प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पार्षदगण, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे ।

नगरपालिका जुन्नारदेव के खिलाफ उठाई गई यह आवाज शहरवासियों के लिए राहत की उम्मीद बन सकती है। अगर इन आरोपों की जांच और समाधान नहीं हुआ, तो आने वाले समय में यह मामला बड़े आंदोलन का रूप ले सकता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default