प्रधान महिला आरक्षक कमला जाटव को उत्कृष्ट सेवा हेतु किया गया सम्मानित
जुन्नारदेव/दमुआ – दमुआ थाने में पदस्थ प्रधान महिला आरक्षक कमला जाटव को उनके सराहनीय कार्य एवं उत्कृष्ट कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिद्ध बाबा समिति द्वारा सम्मानित किया गया। समिति द्वारा उन्हें शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान प्रदान किया गया, जिससे स्थानीय नागरिकों में भी हर्ष व्याप्त है।
प्रधान महिला आरक्षक कमला जाटव अपने कर्तव्यों के प्रति हमेशा समर्पित रही हैं। उन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन न केवल सतर्कता से किया, बल्कि जनता के प्रति मिलनसार व्यवहार और उनकी समस्याओं के निराकरण में भी सक्रिय भूमिका निभाई। उनके इसी समर्पण एवं सेवा भाव को देखते हुए सिद्ध बाबा समिति एवं आम जनमानस द्वारा उन्हें यह मान-सम्मान दिया गया।
सम्मान प्राप्ति के उपरांत प्रधान महिला आरक्षक कमला जाटव ने सिद्ध बाबा समिति, एसडीओपी जुन्नारदेव, दमुआ थाना प्रभारी, एवं अपने समस्त सहयोगी साथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें उनके वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन एवं सहयोगियों के समर्थन के कारण प्राप्त हुआ है, और आगे भी वह अपने कर्तव्य के प्रति पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करती रहेंगी।
उनके इस सम्मान से न केवल दमुआ पुलिस प्रशासन का गौरव बढ़ा है, बल्कि यह अन्य पुलिसकर्मियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगा।

