बोरगांव में महिला सद्भावना मंच द्वारा हरियाली तीज पर्व धूमधाम से मनाया गया
बोरगांव। नगर में महिला सद्भावना मंच के तत्वावधान में हरियाली तीज का पर्व पारंपरिक उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से रामायण पाठ, भजन-कीर्तन और पूजन कर धार्मिक वातावरण निर्मित किया।कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि महिलाओं ने एक-दूसरे को सुहाग की वस्तुएं भेंट कर पारंपरिक रिवाजों का पालन किया। साथ ही तीज से जुड़ी लोकपरंपराओं को जीवंत करते हुए पारंपरिक परिधान और गीत-संगीत के साथ उत्सव का आनंद लिया।इस आयोजन में नगर की अनेक महिलाएं सम्मिलित हुईं और पारंपरिक संस्कृति के संरक्षण का संकल्प दोहराया। मंच की सदस्यों ने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को सशक्त बनाते हैं।