त्रिशक्ति राष्ट्रीय मंच ने मनाया हरियाली तीज झूला महोत्सव एवं पौधरोपण कार्यक्रम
छिंदवाड़ा। सावन माह के पावन अवसर पर सामाजिक संगठन त्रिशक्ति राष्ट्रीय मंच छिंदवाड़ा द्वारा सोनाखार गगन बिहार रेसिडेंस में अरुणा सिंगारे के सौजन्य से भव्य हरियाली तीज झूला महोत्सव एवं पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
मंच की संस्थापिका श्रीमती शरद मिश्रा ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ना, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना और सामाजिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि डॉ. विजया यादव, विशिष्ट अतिथि शबनम जफर खान, प्रीति बिसेन और कंचन धुर्वे मौजूद रहीं।
आरंभ में कृष्णा विश्वकर्मा ने सरस्वती वंदना एवं महिलाओं को समर्पित स्वरचित गीत की प्रस्तुति दी। मंच की महिला सदस्यों ने सावन के गीत, भजन और नृत्य प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। हरियाली देवी के रूप में सजी मनीषा तिवारी ने महिलाओं को सुहाग सामग्री भेंट की। अतिथियों का स्वागत मंच की परंपरा अनुसार अंगवस्त्र एवं विद्या के प्रतीक पौधे देकर किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. विजया यादव ने मंच की गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को संस्कारित बनाना माता-पिता का प्रथम दायित्व है और यह प्रक्रिया घर से ही शुरू होनी चाहिए। उन्होंने धार्मिक आयोजनों में मर्यादित आचरण और परिधान अपनाने की अपील की। विशिष्ट अतिथि शबनम जफर खान ने लक्ष्य प्राप्ति में सोच, लगन और मेहनत के महत्व पर जोर दिया, वहीं प्रीति बिसेन ने महिलाओं के अधिकारों और सामाजिक जागरूकता पर बल दिया।
अंत में सभी अतिथियों और सदस्यों ने पारंपरिक झूलों का आनंद लिया और स्वादिष्ट व्यंजनों का लुत्फ उठाया। आयोजन में संरक्षक अनीता तिवारी, नीरजा वाजपयी, मीरा वाजपयी, कृष्णा बिसेन, रजनी तिवारी, दीप्ति पाठक, पुष्पा मिश्रा, साधना साहू सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित रहे।
यह आयोजन महिला सशक्तिकरण, सांस्कृतिक चेतना और पर्यावरण संरक्षण का सुंदर संगम बनकर सामने आया।