शहर की सुंदरता और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से अभियान जारी
छिंदवाड़ा — शहर की सुंदरता और यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के लिए नगर निगम छिंदवाड़ा द्वारा अवैध होर्डिंग्स, फ्लेक्स और बैनर-पोस्टरों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की गई। यह अभियान कलेक्टर हरेंद्र नारायन और नगर निगम आयुक्त चंद्रप्रकाश राय के निर्देशन में शासन की नई होर्डिंग नीति के पालन हेतु संचालित किया जा रहा है।
अभियान के तहत फव्वारा चौक से मानसरोवर बस स्टैंड, शहीद अमित ठेंगे चौक से यातायात थाना, तथा सत्कार तिराहा से वीआईपी रोड तक अनधिकृत विज्ञापन सामग्री हटाई गई। इस कार्यवाही में अतिक्रमण प्रभारी शशांक शाह इन्वाती, अनिल मालवी और अतिक्रमण निरोधक दस्ता की पूरी टीम मौजूद रही।
नगर निगम द्वारा शहर के प्रमुख मार्गों से अवैध होर्डिंग्स, फ्लेक्स, कटआउट, गेंट्री और पोस्टरों को हटाया गया। निगम प्रशासन का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य शहर की दृश्यात्मक सुंदरता बनाए रखना, यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले अवैध विज्ञापनों को हटाना और नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित शहरी वातावरण प्रदान करना है।
नगर निगम ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अवैध विज्ञापन लगाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।