तामिया। सर्व आदिवासी समिति तामिया द्वारा धरतीपुत्र क्रांतिवीर बिरसा मुण्डा की 150वीं जयंती पर 15 नवंबर को भव्य आयोजन किया जाएगा। समिति ने समस्त सगा समाज से बड़ी संख्या में उपस्थित होने की अपील की है।
कार्यक्रम 15 नवंबर, शनिवार को सुबह 11 बजे ब्लॉक कॉलोनी के पास सभी सगाजनों के एकत्रित होने के साथ शुरू होगा। इसके बाद 11:30 बजे से ब्लॉक कॉलोनी से भगवान बिरसा मुण्डा पावर हाउस कॉलोनी तक श्रद्धांजलि रैली और पैदल यात्रा निकाली जाएगी, जो तहसील तामिया के पास “जय बड़ा देव” के जयघोष के साथ पहुँचेगी।
पैदल यात्रा के पश्चात भगवान बिरसा मुण्डा की प्रतिमा पर पूजन कार्यक्रम आयोजित होगा। दोपहर 2 बजे से सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ होंगी, शाम 6 बजे भोजन प्रसाद का वितरण और रात 8 बजे विशाल गोड़ी आर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया है।
कार्यक्रम का मुख्य स्थल पावर हाउस के सामने स्थित भगवान बिरसा मुण्डा प्रांगण, तामिया रहेगा।
इस संबंध में जिला पंचायत सदस्य नवीन मरकाम ने बताया कि बिरसा मुण्डा जयंती समाज की एकता, संस्कृति और संघर्ष की गौरवगाथा को याद करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने सभी समाजजन से अनुशासित व बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।

