कोल इंडिया लिमिटेड डब्ल्यू.सी.एल. ने क्षतिग्रस्त वनों की क्षतिपूर्ति की राशि स्वीकृत की
छिन्दवाड़ा। कोयलांचल क्षेत्र में नई कोयला खदानों को खोलने के लिए लगातार प्रयासरत सांसद बंटी विवेक साहू के लगातार प्रयास से कोल इंडिया लिमिटेड डब्ल्यू.सी.एल. ने भारत ओ.सी. और मोहन कालरी मोआरी कोयला खदानों को खोलने के दौरान उस क्षेत्र में होने वाले वनों की क्षतिपूर्ति की राशि स्वीकृत कर दी है। अब जल्द ही वन विभाग द्वारा दोनों खदानों को खोलने के लिए एनओसी जारी कर दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि सांसद बंटी विवेक साहू ने विगत दिनों दिल्ली प्रवास के दौरान केन्द्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी किशन रेड्डी से मुलाकात करते हुए उन्हें अवगत कराया था कि भारत एवं मोहन ओपन कास्ट कोयला खदान को खोले जाने की अनुमति लंबित है। उनके द्वारा बताया गया कि मध्यप्रदेश शासन से अनुपालन रिपोर्ट प्राप्त नही हुई है प्राप्त होने पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी। इसके उपरांत सांसद द्वारा मध्यप्रदेश शासन के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और वन विभाग के मुख्य सचिव से अनुपालन रिपोर्ट के लिए अनुरोध किया गया था। वन विभाग मध्यप्रदेश द्वारा सूचित किया गया कि कोल इंडिया लिमिटेड डब्ल्यू.सी.एल. से वन की क्षतिपूर्ति के लिए क्रमशः 15 करोड़ 67 लाख एवं 3 करोड़ 80 लाख की राशि मांगी है।
सांसद द्वारा कोल इंडिया डब्ल्यू सी एल और केन्द्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी किशन रेड्डी से उपरोक्त राशि शीघ्र स्वीकृत कर अनुमोदन जारी करने का अनुरोध किया गया था। जिसके परिणाम स्वरूप केन्द्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी.किशन रेड्डी ने सांसद बंटी विवेक साहू को आज पत्र प्रेषित करते हुए अवगत कराया है कि दोनों प्रस्तावों के लिए देय शुल्क के भुगतान को सक्षम प्राधिकारी द्वारा स्वीकृत कर दिया गया है। राशि जारी करने की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।
सांसद श्री साहू ने बताया कि जैसे ही वन विभाग को कोल इंडिया लिमिटेड डब्ल्यू.सी.एल. द्वारा राशि जारी कर दी जाती है तो दोनों खदानों को खोलने के लिए वन विभाग द्वारा जारी की जाने वाली एन.ओ.सी. भी जल्द ही मिल जाएगी। जिससे कि दोनों खदानों को जल्द खोलने में आसानी होगी। विदित हो कि सांसद श्री साहू द्वारा उक्त राशि जारी करने और वन विभाग की एनओसी के लिए लगातार मंत्रियों और अधिकारियों से मुलाकात और पत्राचार किया जा रहा था। उनके प्रयासों का ही परिणाम है कि अब जल्द ही यह राशि वन विभाग को मिल जाएगी। उक्त राशि स्वीकृत किए जाने पर सांसद बंटी विवेक साहू ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं केन्द्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी किशन रेड्डी का आभार व्यक्त किया है।

