होली पर्व को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग सख्त, जिलेभर में मिठाई-खाद्य दुकानों पर जांच अभियान

होली पर्व को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग सख्त, जिलेभर में मिठाई-खाद्य दुकानों पर जांच अभियान
होली पर्व को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग सख्त, जिलेभर में मिठाई-खाद्य दुकानों पर जांच अभियान

छिंदवाड़ा। आगामी होली त्योहार को ध्यान में रखते हुए आमजन को सुरक्षित एवं बिना मिलावट के खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को सख्त कर दिया गया है। जिला कलेक्टर हरेन्द्र नारायण के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग की चार टीमों द्वारा पूरे जिले में लगातार निरीक्षण, निगरानी एवं खाद्य नमूना संग्रहण की कार्रवाई की जा रही है।

जिला प्रशासन की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अपर कलेक्टर धीरेंद्र सिंह को खाद्य सुरक्षा अभियान का नोडल अधिकारी बनाया गया है। उनके मार्गदर्शन एवं निगरानी में सभी खाद्य सुरक्षा दल कार्य कर रहे हैं।
अभियान के तहत छिंदवाड़ा, परासिया, तामिया, अमरवाड़ा, चौरई, मोहखेड़, बिछुआ एवं रामाकोना तहसीलों में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी गोपेश मिश्रा की टीम ने छिंदवाड़ा शहर, परासिया एवं मोहखेड़ क्षेत्र की विभिन्न मिठाई एवं किराना दुकानों का निरीक्षण कर मिल्क केक, नमकीन सेव, पेड़ा, हल्दी पाउडर, मिर्च पाउडर एवं मावा बर्फी सहित कई खाद्य पदार्थों के नमूने लिए।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी संध्या मार्को द्वारा तामिया क्षेत्र में इंदौर सेव भंडार, दूध डेरी एवं किराना दुकानों का निरीक्षण कर नमकीन, शक्करपारा, मूंगफली और बताशे के नमूने संग्रहित किए गए। वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी रूपराम सनोडिया ने बिछुआ एवं रामाकोना क्षेत्र में डेरी एवं किराना प्रतिष्ठानों से दूध, घी, बेसन एवं दाल के नमूने लिए।

इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज घाघरे की टीम ने चौरई एवं अमरवाड़ा क्षेत्र में एक दर्जन से अधिक मिठाई एवं किराना दुकानों का निरीक्षण कर नमकीन एवं मिठाइयों के नमूने एकत्र किए।

सभी खाद्य नमूनों को जांच के लिए भोपाल स्थित प्रयोगशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि संदिग्ध खाद्य पदार्थों की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें, ताकि मिलावटखोरों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।

Post a Comment

0 Comments