होटल-ढाबों पर आबकारी विभाग की दबिश, देशी-विदेशी मदिरा बरामद

होटल-ढाबों पर आबकारी विभाग की दबिश, देशी-विदेशी मदिरा बरामद
होटल-ढाबों पर आबकारी विभाग की दबिश, देशी-विदेशी मदिरा बरामद
परासिया। कलेक्टर हरेंद्र नारायण के निर्देश पर आबकारी विभाग ने होटल-ढाबों में अवैध रूप से मदिरा पिलाने और बेचने के खिलाफ कार्रवाई की। अनुविभागीय अधिकारी परासिया शुभम कुमार यादव एवं सहायक आबकारी आयुक्त बी. आर. वैद्य के मार्गदर्शन में वृत्त परासिया प्रभारी अधिकारी ने टीम के साथ जलपान गृह, होटल और ढाबों की जांच की।
कार्रवाई के दौरान पिपरिया रोड भीमसेन स्थित महाराणा ढाबा एवं संस्कार फैमिली ढाबा में ग्राहकों को मदिरा पिलाते पाया गया। जबकि चाय पॉइंट पर किसी भी प्रकार की मदिरा बरामद नहीं हुई। दोनों ढाबा संचालकों के पास से कुल 1.44 बल्क लीटर देशी मदिरा तथा 1.32 बल्क लीटर विदेशी मदिरा बरामद की गई।
जब्त मदिरा के आधार पर संचालकों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 36 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा विक्रेताओं और होटल-ढाबों में मदिरा पान कराने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
दबिश कार्रवाई में प्रभारी अधिकारी आबकारी उप निरीक्षक जीत सिंह धुर्वे सहित समस्त आबकारी आरक्षक उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments