एतश महाविद्यालय पांढुर्णा में वार्षिक उत्सव के प्रथम दिवस का कार्यक्रम उत्साह, गरिमा और अनुशासन के साथ सम्पन्न

एतश महाविद्यालय पांढुर्णा में वार्षिक उत्सव के प्रथम दिवस का कार्यक्रम उत्साह, गरिमा और अनुशासन के साथ सम्पन्न
पांढुर्णा /05 फरवरी 2026/एतश महाविद्यालय, पांढुर्णा में आयोजित वार्षिक उत्सव कार्यक्रम के प्रथम दिवस का आयोजन अत्यंत उत्साहपूर्ण, गरिमामय एवं अनुशासित वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अतिथियों के बीच विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में जिले के प्रतिष्ठित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और अधिक बढ़ाया।

      कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ रहे। उन्होंने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन एवं सामाजिक जिम्मेदारियों को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जन नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक का निर्माण करना है।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक श्री निलेश ऊईके उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति पूर्ण समर्पण के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया तथा कहा कि दृढ़ संकल्प और सकारात्मक सोच से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है।

       इसके साथ ही विशिष्ट अतिथि के रूप में एडवोकेट श्रीमती वैशाली महाले, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष पांढुर्णा की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने विद्यार्थियों को समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने, सामाजिक सरोकारों के प्रति सजग रहने तथा शिक्षा को सशक्त परिवर्तन का माध्यम बनाने पर विशेष बल दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती इंदु ताई राऊत द्वारा की गई। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विवेक राऊत द्वारा स्वागत एवं प्रस्तावित भाषण दिया गया, जिसमें उन्होंने महाविद्यालय की उपलब्धियों, शैक्षणिक गतिविधियों एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

       वार्षिक उत्सव के प्रथम दिवस के कार्यक्रम में विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए। पुरस्कार वितरण से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन हुआ और अन्य विद्यार्थियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिली। इस पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में प्रो. पालीवाल, प्रो. टेकादे, प्रो. राऊत, प्रो. गजभीए, प्रो. बरड़े एवं प्रो. पांडे का विशेष योगदान रहा।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर आभार प्रदर्शन डॉ. प्रीति राऊत द्वारा किया गया। उन्होंने मुख्य अतिथियों, विशिष्ट अतिथियों, शिक्षकगण, विद्यार्थियों एवं आयोजन समिति के सभी सदस्यों का सहयोग हेतु हार्दिक आभार व्यक्त किया। पूरे कार्यक्रम का कुशल एवं प्रभावी संचालन विज्ञान जंगम, भूमिका कालबांदे तथा भूमिका मिश्रा द्वारा किया गया, जिससे कार्यक्रम सुचारू रूप से

संपन्न हुआ।

Post a Comment

0 Comments