आमला में उमड़ा देशभक्ति का ज्वार, 166 यूनिट रक्तदान
शहीदों की याद में रक्तदान महाकुंभ: आमला में 166 यूनिट रक्तदान, शहीद परिवारों ने किया सम्मान
आमला। अमर शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के 95वें शहीद दिवस पर आमला में सेवा, समर्पण और देशभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। जन सेवा कल्याण समिति एवं बचपन प्ले स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में 166 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। यह आयोजन शहीदों के साथ-साथ समाजसेवियों स्वर्गीय पंकज उसरेठे ‘खून वाले बाबा’ और स्वर्गीय शशि टिकारे की स्मृति को समर्पित रहा।
भीमनगर स्थित बचपन प्ले स्कूल में आयोजित इस रक्तदान शिविर की सबसे भावुक झलक तब देखने को मिली जब रक्तदाताओं को शहीदों के परिजनों के हस्ताक्षर से युक्त विशेष सम्मान पत्र और ट्रॉफी भेंट की गई। यह सम्मान पाकर कई रक्तदाताओं की आंखें नम हो गईं और सभी ने इसे अपने जीवन का सबसे बड़ा सम्मान बताया।
नारी शक्ति ने भी दिखाई भागीदारी
शिविर में महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कई महिलाओं ने पहली बार रक्तदान कर झिझक तोड़ी और मानव सेवा का संदेश दिया। शिविर में उन रक्तदाताओं का भी विशेष सम्मान किया गया, जिन्होंने 20 से अधिक बार रक्तदान किया है।
युवाओं में सेवा भाव जीवित – राहुल धेण्डे
जन सेवा कल्याण समिति के अध्यक्ष राहुल धेण्डे ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है, क्योंकि इससे किसी को जीवनदान मिलता है। शहीद दिवस पर युवाओं की इतनी बड़ी भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि नई पीढ़ी में सेवा और देशभक्ति का भाव आज भी जीवित है। उपाध्यक्ष अनिल सोनपुरे एवं अमित यादव ने भी रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।
रक्त की कमी से किसी की जान नहीं जाने देंगे – समिति
समिति के सदस्य सागर सिंह चौहान एवं नीरज बारसकर ने संकल्प दोहराते हुए कहा कि क्षेत्र में रक्त की कमी से अब किसी की जान नहीं जाने दी जाएगी। संस्था के स्वयंसेवक हर जरूरतमंद को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।
जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम में करणी सेना परिवार, नपा अध्यक्ष नितिन गाडरे, प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि मनोज मालवे, नगर कांग्रेस अध्यक्ष विजेंद्र भावसार, कांग्रेस सेवादल विधानसभा प्रभारी जितेंद्र शर्मा और प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह चंदेल सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र वितरित कर इस पुनीत कार्य की सराहना की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में बचपन प्ले स्कूल संचालक कैलाश ठाकरे सहित समिति के सदस्यों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बैतूल से आई मेडिकल टीम का विशेष योगदान रहा। बड़ी संख्या में युवाओं ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
0 टिप्पणियाँ