छिंदवाड़ा। थाना देहात पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे दो ईनामी स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। दोनों आरोपियों पर कुल 30 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वे वर्षों से फरार चल रहे थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार माननीय उच्च न्यायालय जबलपुर में दर्ज प्रकरण CRA 1366/2011 धारा 8/20 (बी) (2) (बी) एनडीपीएस एक्ट में फरार आरोपी प्रकाश पिता मनीराम मेहरा निवासी दमुआ वार्ड नंबर 08 थाना दमुआ, हाल निवासी डोंगरवाड़ा थाना देहात जिला नर्मदापुरम, करीब 10 वर्षों से फरार था। आरोपी अपनी पहचान बदलकर रह रहा था। उस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
वहीं माननीय न्यायालय छिंदवाड़ा के प्रकरण क्रमांक 6972/07 धारा 279, 337, 338 भादवि में फरार आरोपी राजेन्द्र कुमार पिता मुन्नीलाल उर्फ गुन्नीलाल धुर्वे निवासी गांगीवाड़ा, हाल वार्ड नंबर 29 पाथाखेड़ा थाना सारणी जिला बैतूल, वर्ष 2007 से फरार चल रहा था। उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक गोविन्द सिंह राजपूत के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर दोनों वारंटियों की तलाश की गई। लगातार की जा रही पतासाजी के दौरान पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हिरासत में ले लिया।
कार्रवाई में निरीक्षक गोविन्द सिंह राजपूत, उपनिरीक्षक नितेश ठाकुर, संदीप सिंह, प्रधान आरक्षक महेन्द्र, नितिन सिंह, आरक्षक सौरभ सिंह और उमेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने बताया कि फरार अपराधियों के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
0 टिप्पणियाँ