पॉलिटेक्निक कॉलेज के खेल मैदान में प्रस्तावित वृक्षारोपण के खिलाफ युवाओं का विरोध, प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन

पॉलिटेक्निक कॉलेज के खेल मैदान में प्रस्तावित वृक्षारोपण का विरोध, युवाओं ने सौंपा ज्ञापन
पॉलिटेक्निक कॉलेज के खेल मैदान में प्रस्तावित वृक्षारोपण के खिलाफ युवाओं का विरोध, प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन
छिंदवाड़ा जिले के खिरसाडोह स्थित शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के खेल मैदान में वन विभाग द्वारा प्रस्तावित वृक्षारोपण को लेकर क्षेत्र के युवाओं और जनप्रतिनिधियों में आक्रोश देखा जा रहा है। इस संबंध में आज कॉलेज प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर खेल मैदान को यथावत सुरक्षित रखने की मांग की गई।

ज्ञापन में बताया गया कि यह खेल मैदान वर्षों से क्षेत्र के युवाओं के लिए खेल गतिविधियों, जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं तथा पुलिस और सेना भर्ती की तैयारी का प्रमुख केंद्र रहा है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में युवा यहां शारीरिक अभ्यास और खेलकूद करते हैं। ऐसे में यदि मैदान में वृक्षारोपण किया जाता है तो खेल गतिविधियां पूरी तरह प्रभावित होंगी और युवाओं की तैयारी पर भी प्रतिकूल असर पड़ेगा।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि पर्यावरण संरक्षण आवश्यक है, किंतु इसके लिए खेल मैदान जैसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थान का चयन उचित नहीं है। युवाओं ने महाविद्यालय प्रशासन से मांग की है कि खेल मैदान को सुरक्षित रखते हुए वृक्षारोपण किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर कराया जाए, ताकि खेल गतिविधियां और युवाओं की तैयारी बाधित न हो।

युवाओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस विषय में शीघ्र ही उचित निर्णय नहीं लिया गया तो छात्रों और ग्रामीणों के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान भाजपा एससी मोर्चा जिला उपाध्यक्ष रूपेंद्र डेहरिया, पूर्व सरपंच शैलेंद्र शुक्ला, बूथ अध्यक्ष मोनू महोरे, जय पवार, अनुज डेहरिया, बूथ अध्यक्ष राजा वर्मा, सचिन पवार, दिव्यांक गौतम, अजय तथा शनि महोरे सहित अन्य युवा उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ