जुन्नारदेव (छिंदवाड़ा)। होली पर्व के मद्देनज़र थाना जुन्नारदेव पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए हुड़दंग करने वालों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा 2 मार्च 2026 को सोशल मीडिया के माध्यम से गाइडलाइन जारी कर शांति बनाए रखने की अपील की गई थी। इसके बावजूद कुछ युवकों द्वारा शराब के नशे में विवाद और झगड़ा किए जाने की सूचना पर पुलिस ने तत्काल एक्शन लिया।
पुलिस के अनुसार डूंगरिया स्थित शराब दुकान पर विवाद करने वाले पारस रघुवंशी (25) निवासी डूंगरिया एवं ग्राम गुड्डम में उत्पात मचाने वाले बुदेशा परतेती (50) निवासी गुड्डम को देर रात गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को कार्यपालिक न्यायालय जुन्नारदेव में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक जे. मसराम के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में उप निरीक्षक मुकेश डोंगरे, सहायक उप निरीक्षक सतीश दुबे, आरक्षक नीलेश पाल, राजपाल बघेल और राम अवतार तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि होली के दौरान शराब पीकर हुड़दंग, विवाद या शांति भंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। आमजन से अपील की गई है कि त्योहार आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मनेश साहू संपादक...
0 टिप्पणियाँ