एक ही रात में 122 वारंटियों की गिरफ्तारी, छिंदवाड़ा पुलिस का बड़ा कॉम्बिंग ऑपरेशन

एक ही रात में 122 वारंटियों की गिरफ्तारी, छिंदवाड़ा पुलिस का बड़ा कॉम्बिंग ऑपरेशन
रिपोर्टर –

छिंदवाड़ा। जिले में अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने बीती रात बड़ा कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाकर 122 वारंटियों को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में 23 स्थायी और 99 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर 4-5 अप्रैल की रात शहर और देहात के सभी थाना क्षेत्रों में यह विशेष अभियान चलाया गया।

ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने 121 गुंडा बदमाश, 79 निगरानी बदमाश और 50 कबाड़ियों की सघन जांच की। वहीं अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 29 लोगों से 210 लीटर शराब जब्त की गई। इसके अलावा 14 गुमशुदा लोगों को तलाश कर परिजनों से मिलाया गया, जिनमें एक नाबालिग बालिका भी शामिल है।

अमरवाड़ा थाना पुलिस को इस दौरान बड़ी सफलता मिली, जहां 7 साल से फरार 5 हजार रुपए का इनामी वारंटी कमलेश उइके को लहगडुआ से गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।

वारंट तामील करने में कुण्डीपुरा थाना ने सबसे अधिक 17 वारंटियों को गिरफ्तार किया। चौरई थाना में 19 और परासिया थाना में 11 वारंटियों की गिरफ्तारी की गई। पुलिस अधीक्षक ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली टीमों को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने गली-मोहल्लों में पहुंचकर बदमाशों की जांच की और उन्हें सख्त चेतावनी दी। साथ ही जेल से रिहा आरोपियों और हिस्ट्रीशीटरों के रिकॉर्ड भी अपडेट किए गए।

पुलिस का यह अभियान जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर नियंत्रण के उद्देश्य से लगातार जारी रहेगा।

सहयोगी जनता – सक्रिय पुलिस – सुरक्षित समाज

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ