तामिया। चैत्र नवरात्र, श्रीराम जन्मोत्सव एवं हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर तामिया में आयोजित भव्य रामनवमी शोभायात्रा के सफल आयोजन के उपलक्ष्य में हिंदू उत्सव समिति द्वारा पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समिति से जुड़े वरिष्ठजनों एवं सहयोगकर्ताओं को शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया तथा स्नेहभोज का आयोजन किया गया।
समिति के अनुसार रामनवमी आयोजन की शुरुआत लगभग 16 वर्ष पूर्व हुई थी, जिसे आज भी गौरवशाली परंपरा के रूप में निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। इस वर्ष भी नगर में विशाल एवं भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें विभिन्न धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं राजनीतिक संगठनों ने सहभागिता निभाई। जगह-जगह स्वागत एवं भंडारों का आयोजन कर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया गया।
सम्मान समारोह में इंद्रकुमार बत्रा, दिनेश मालवीय एवं कुरैश डहरिया को विशेष रूप से शाल-श्रीफल से सम्मानित किया गया। वहीं समिति के संरक्षक सतीश मिश्रा, पत्रकार बाबा ठाकुर एवं थाना प्रभारी आशीष जेतवार का भी अध्यक्ष विनोद अग्रवाल द्वारा सम्मान किया गया।
समिति ने आयोजन में सहयोग देने वाले पुलिस विभाग, राजस्व विभाग, विद्युत मंडल एवं वन विभाग सहित सभी विभागों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही नगर के व्यापारियों एवं दानदाताओं का भी धन्यवाद ज्ञापित किया, जिनके सहयोग से यह भव्य आयोजन संभव हो सका।
समिति के अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने कहा कि इस तरह के धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन नगरवासियों के सहयोग से ही सफल होते हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिससे समिति में विशेष उत्साह देखने को मिला।
अंत में हिंदू उत्सव समिति के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।
0 टिप्पणियाँ