कुण्डीपुरा पुलिस की कार्रवाई: शातिर गांजा तस्कर गिरफ्तार, 1.49 किलो गांजा जब्त
छिंदवाड़ा/जुन्नारदेव। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुण्डीपुरा पुलिस ने एक शातिर गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 1.492 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 20 हजार रुपए बताई जा रही है, जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे एवं नगर पुलिस अधीक्षक अजय राणा के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए 1 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी महेंद्र भगत के नेतृत्व में टीम ने चांद-अतरवाड़ा बायपास स्थित यात्री प्रतीक्षालय पर दबिश दी। यहां एक युवक संदिग्ध अवस्था में थैला लिए बैठा मिला।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम निसार अली उर्फ चंडाल (21) निवासी चौड़ाबाबा मंदिर के पास पातालेश्वर, थाना कुण्डीपुरा बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर आरोपी को धारा 8, 20 एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी महेंद्र भगत सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
0 टिप्पणियाँ