अमरवाड़ा/रजोला। प्रधानमंत्री आवास योजना में कथित भ्रष्टाचार के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। ग्राम पंचायत रजोला में आवास की किश्त दिलाने के नाम पर कमीशन वसूली की शिकायतों के बाद जनपद पंचायत अमरवाड़ा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) जयदेव शर्मा के निर्देश पर मामला थाने तक पहुँच गया है। सरपंच पति के खिलाफ FIR दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।
प्रशासन हरकत में आया है और CEO जयदेव शर्मा स्वयं ग्राम रजोला पहुँचे। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना पूरी तरह निःशुल्क है और इसके लिए किसी भी व्यक्ति या जनप्रतिनिधि को पैसे देने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि यदि कोई भी पैसे की मांग करता है तो तुरंत जनपद पंचायत कार्यालय में शिकायत दर्ज कराएं।
बताया जा रहा है कि जनपद पंचायत की ओर से अमरवाड़ा थाने में सरपंच पति के खिलाफ लिखित आवेदन दिया गया है। इस कार्रवाई की खबर फैलते ही पंचायत से जुड़े लोगों में हलचल तेज हो गई है।
ग्रामीणों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि आवास की किश्त जारी करने के बदले उनसे मोटी रकम मांगी जा रही थी। जो हितग्राही पैसे नहीं दे सके, उनकी किश्तें लंबे समय से लंबित हैं। अब पुलिस कार्रवाई की संभावना से ग्रामीणों में उम्मीद जगी है।
CEO जयदेव शर्मा ने कहा कि उन्होंने स्वयं गांव जाकर लोगों को जागरूक किया है और स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि योजना का लाभ लेने के लिए किसी को भी पैसा न दें। उन्होंने बताया कि सरपंच पति के खिलाफ FIR दर्ज कराने के लिए थाने में आवेदन दिया जा चुका है और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
0 टिप्पणियाँ