आठनेर। नगर सहित आसपास के क्षेत्र में अचानक आए आंधी-तूफान और भारी ओलावृष्टि से जनजीवन प्रभावित हो गया। तेज आंधी और ओलावृष्टि के कारण कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के पोल गिर गए, वहीं दो पक्षियों की मौत भी हो गई। हालांकि बड़ा हादसा टल गया।
ग्राम धामोरी में रामदास शनिचरे के मकान के पास रखी पलंग पेटी पर बिजली का पोल गिर गया। गनीमत रही कि उस समय बिजली आपूर्ति बंद थी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। नगर परिषद के पास भी दो पक्षी मृत अवस्था में पाए गए। आंधी-तूफान से कई वार्डों में पेड़ गिरने की खबर है।
किसान हुए प्रभावित
अचानक हुई ओलावृष्टि से गेहूं और सब्जी की फसल को भारी नुकसान हुआ है। किसानों ने बताया कि खेतों में खड़ी गेहूं की फसल और कट चुकी गेहूं की दावन पूरी तरह भीग गई, जिससे फसल खराब हो गई। ओले बड़े होने के कारण गेहूं की बालियां टूटकर खेतों में बिखर गईं। किसान याकूब खान, मोरेश्वर पटेल, धनराज पटेल, रामेश्वर झपाटे और विद्यानंद वागद्वे ने बताया कि अचानक मौसम बदलने से फसल संभालने का मौका भी नहीं मिला।
आम की फसल को भी नुकसान
ओलावृष्टि से आम की कैरियां बड़ी मात्रा में पेड़ों से गिर गईं, जिससे आम की फसल को नुकसान हुआ है। आम व्यापारी शेख आदिल और शेख अन्नू ने बताया कि ओलावृष्टि से आम की फसल लगभग नष्ट हो गई है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है।
बिजली विभाग के पोल कई जगह गिरे
आठनेर नगर सहित ग्राम धामोरी में बिजली के पोल गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिजली के पोल पर्याप्त गहराई में नहीं गाड़े गए, जिसके कारण तेज हवा में पोल गिर गए। ग्रामीणों ने पोल की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए हैं।
शिव मंदिर का कलश उड़ा
नगर के वार्ड क्रमांक 8 विकास नगर स्थित शिव मंदिर का कलश तेज आंधी के कारण उड़ गया। वार्ड वासियों ने कलश को सुरक्षित रख लिया है और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर पुनः मंदिर शिखर पर स्थापित करने की बात कही है।
समाचार लिखे जाने तक नगर और आसपास के क्षेत्रों में नुकसान का आकलन किया जा रहा था।
0 टिप्पणियाँ