नगर निगम परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में सांसद विवेक साहू द्वारा सांसद निधि से दो पानी के टैंकर नगर निगम को प्रदान किए गए। इसके साथ ही अमृत योजना के अंतर्गत महापौर विक्रम सिंह अहके के प्रयासों से निगम को दो जेसीबी मशीन भी उपलब्ध कराई गईं।
कार्यक्रम में सांसद एवं महापौर ने विधिवत रिबन काटकर और नारियल फोड़कर इन वाहनों का शुभारंभ किया। नगर निगम के सामने स्थित स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अपने उद्बोधन में सांसद विवेक साहू ने कहा कि नगर निगम की सीमा में शामिल ग्रामीण क्षेत्रों तक जल आपूर्ति सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि इन टैंकरों के माध्यम से पानी की उपलब्धता को सुचारु बनाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि छोटे-छोटे प्रयास ही मिलकर बड़े बदलाव लाते हैं।
महापौर विक्रम सिंह अहाके ने अपने संबोधन में सांसद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से नगर विकास को नई दिशा मिल रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि नगर के सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए निरंतर विकास कार्य किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम के पश्चात महापौर कक्ष में सांसद ने सभापति एवं पार्षदों के साथ बैठक की। बैठक में जल आपूर्ति, भवन निर्माण, नक्शा पास करने की प्रक्रिया तथा ई-फाइल प्रणाली के माध्यम से कार्यों को गति देने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर आयुक्त सी.पी. राय, सभापति नमिता मनोज सक्सेना, अरुणा मनोज कुशवाह, शिल्पा राकेश पहाड़े, प्रमोद शर्मा, पंडित राम शर्मा, चंद्रभान देवरे, प्रवीणा जागेंद्र अलडक, राहुल बंटी उईके, रंगू यादव, भूरा भावरकर, राजकुमार बघेल, उपायुक्त कमलेश निर्गुणकर, उपायुक्त आर.एस. बाथम ,स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर दीपक राज जैन सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ