भोपाल में 28 अप्रैल को निकलेगी राजा हिरदेशाह शौर्य यात्रा



सच की आंखें भोपाल, 25 अप्रैल। राजा हिरदेशाह शौर्य यात्रा 2026 के तहत 28 अप्रैल को राजधानी भोपाल के जम्बूरी मैदान में भव्य आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम 1842 के बुंदेला विद्रोह के जनक वीर क्रांतिकारी राजा हिरदेशाह लोधी के बलिदान दिवस के अवसर पर आयोजित हो रहा है।

कार्यक्रम का आयोजन अखिल भारतीय लोधी, लोधा, लोध क्षत्रिय महासभा, राजा हिरदेशाह शोध संस्था एवं गोंड महासभा के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। आयोजन में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि श्रम एवं पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल विशिष्ट अतिथि रहेंगे।

इस संबंध में महासभा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री जालम सिंह पटेल तथा युवा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष प्रध्युम्न सिंह लोधी ने संयुक्त पत्रकार वार्ता में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह आयोजन उन क्रांतिवीरों को श्रद्धांजलि देने का प्रयास है, जिनके योगदान को इतिहास में उचित स्थान नहीं मिल सका।

उन्होंने बताया कि 1842 में अंग्रेजी शासन के खिलाफ बुंदेला विद्रोह का नेतृत्व राजा हिरदेशाह लोधी ने किया था, जिसमें गोंड और बुंदेला राजाओं ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। करीब दो वर्षों तक चले इस संघर्ष को अंग्रेजों की साजिशों और विश्वासघात के चलते कमजोर किया गया।

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती, राज्य मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी, सांसद राहुल सिंह सहित कई विधायक एवं जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। साथ ही राजा हिरदेशाह लोधी के वंशज राजा कौशलेन्द्र सिंह जूदेव लोधी तथा गोंड राजा नरवर शाह के वंशज ठाकुर रामकुमार सिंह की उपस्थिति भी रहेगी।

आयोजकों के अनुसार, यह शौर्य यात्रा न केवल इतिहास के गौरवशाली अध्याय को पुनर्जीवित करेगी, बल्कि समाज को एकजुट कर नई पीढ़ी को अपने वीरों के बलिदान से परिचित कराने का कार्य भी करेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ