सच की आंखें न्यूज़ चौरई/छिंदवाड़ा। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और समाज में बेटियों की सोच एवं निर्णय लेने की क्षमता को महत्व देने के उद्देश्य से महिला आलोक फाउंडेशन एवं महिला संगठन के तत्वाधान में जिला स्तरीय महिला अधिवेशन एवं सम्मान समारोह का आयोजन अन्नपूर्णा लॉन, चौरई में किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत 1857 की क्रांति की वीरांगना रानी अवंती बाई तथा 1842 के क्रांतिवीर राजा हृदय शाह लोधी सहित समाज के महापुरुषों के छायाचित्रों पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद राष्ट्रगान एवं रानी अवंती बाई की शौर्यगाथा के साथ कार्यक्रम आगे बढ़ा।
समारोह में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। महिला फाउंडेशन की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, रंगोली प्रतियोगिता एवं प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने सराहा। प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह, प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार अतिथियों द्वारा वितरित किए गए।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राष्ट्रीय सचिव अनिता मदन वर्मा ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और समाज में बेटियों के विचारों को सम्मान देना समय की आवश्यकता है। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. कामिनी दिलीप राजपूत ने महिलाओं को संगठन से जुड़कर सशक्त बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में 28 अप्रैल 2026 को भोपाल के जंबूरी मैदान में आयोजित होने वाली राजा हृदय शाह शौर्य यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया गया।
जिला पंचायत सदस्य कुसुम ऋषि पटेल एवं अन्य वक्ताओं ने महिलाओं को शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित किया। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि “महिलाओं को केवल सम्मान नहीं, अधिकार भी चाहिए। नारी सशक्त होगी, तभी देश शक्तिशाली बनेगा।”
कार्यक्रम का संचालन ममता वर्मा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जिला अध्यक्ष सरिता वर्मा ने व्यक्त किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिला जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं समाज के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ