होम्योपैथिक डिग्री की आड़ में एलोपैथी इलाज, स्वास्थ्य विभाग बेखबर
अमरवाड़ा/सिंगोड़ी।
सिंगोड़ी के व्यस्त बस स्टैंड क्षेत्र में एक अवैध क्लिनिक संचालित होने का मामला सामने आया है, जहां इलाज के नाम पर मरीजों की जान जोखिम में डाली जा रही है। “डॉ” के नाम से चल रहे इस क्लिनिक में नियमों की अनदेखी कर एलोपैथिक दवाइयों और इंजेक्शन का उपयोग किए जाने के आरोप लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, संबंधित चिकित्सक के पास केवल होम्योपैथिक चिकित्सा की डिग्री है, लेकिन क्लिनिक में एलोपैथिक पद्धति से उपचार किया जा रहा है, जो नियमों के खिलाफ है। विशेषज्ञों के मुताबिक बिना उचित योग्यता के इस तरह का इलाज गंभीर स्वास्थ्य खतरे पैदा कर सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्लिनिक में आने वाले अधिकांश मरीज ग्रामीण और गरीब वर्ग के हैं, जिन्हें सही जानकारी के अभाव में जोखिम का अंदाजा नहीं होता। गलत दवाओं से एलर्जी, रिएक्शन या गंभीर स्थिति उत्पन्न होने की आशंका बनी रहती है।
बताया जा रहा है कि यह क्लिनिक बिना आवश्यक अनुमति के संचालित हो रहा है। बावजूद इसके, स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से जल्द जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि किसी बड़ी अनहोनी से पहले इस अवैध गतिविधि पर रोक लगाई जा सके।
0 टिप्पणियाँ