सच की आंखें छिन्दवाड़ा/26 अप्रैल 2026/ उप संचालक कृषि श्री जितेन्द्र कुमार सिंह ने आज जिले के विकासखंड तामिया के ग्राम झिरपा स्थित श्री हरि वेयर हाउस में संचालित गेहूं-चना खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित किसानों से चर्चा कर खरीदी प्रक्रिया की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान खरीदी केंद्र पर सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, जिस पर किसानों ने भी संतुष्टि व्यक्त की।
उप संचालक कृषि श्री सिंह ने बिना नरवाई जलाए हार्वेस्टर से गेहूं कटाई के बाद सुपरसीडर के माध्यम से सीधे बोई गई मूंग फसल का भी अवलोकन किया। किसानों ने बताया कि पूरे ग्राम में इस वर्ष नरवाई जलाने की एक भी घटना नहीं हुई है। साथ ही जमुनिया और चवलपानी क्षेत्रों में भी इस बार ऐसी कोई घटना सामने नहीं आई। ग्राम झिरपा में चर्चा के दौरान किसानों ने बताया कि इस वर्ष गांव के सभी किसानों ने संकल्प लिया था कि कोई भी किसान नरवाई में आग नहीं लगाएगा, जिसका सकारात्मक परिणाम देखने को मिला है।
0 टिप्पणियाँ