तामिया जनपद पंचायत में हंगामा: भाजपा-कांग्रेस-गोंडवाना एकजुट, सीईओ के खिलाफ नारेबाजी कर बैठक का बहिष्कार

तामिया जनपद पंचायत में हंगामा: भाजपा-कांग्रेस-गोंडवाना एकजुट, सीईओ के खिलाफ नारेबाजी कर बैठक का बहिष्कार
तामिया जनपद पंचायत में हंगामा: भाजपा-कांग्रेस-गोंडवाना एकजुट, सीईओ के खिलाफ नारेबाजी कर बैठक का बहिष्कार

तामिया। जनपद पंचायत तामिया की सामान्य सभा की बैठक बुधवार को उस समय विवादों में घिर गई, जब सत्तारूढ़ भाजपा, विपक्षी कांग्रेस और गोंडवाना के जनपद सदस्य एकजुट होकर बैठक का बहिष्कार करते हुए सभाकक्ष से बाहर निकल आए। इस दौरान सदस्यों ने जनपद सीईओ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनके तत्काल स्थानांतरण की मांग उठाई।

बताया जा रहा है कि बैठक में कई विभागों के प्रमुख अधिकारियों की अनुपस्थिति, योजनाओं में अनियमितता और जनप्रतिनिधियों के सवालों के संतोषजनक जवाब नहीं मिलने से माहौल गरमा गया। आक्रोशित सदस्यों ने आरोप लगाया कि विभिन्न विभागों में भ्रष्टाचार हो रहा है और संबंधित अधिकारियों को सीईओ का संरक्षण प्राप्त है।
बैठक में सड़क निर्माण कार्यों में गड़बड़ी, आंगनबाड़ी केंद्रों में रंगाई-पुताई में अनियमितता, ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली और पेयजल संकट, स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति जैसे मुद्दे जोरदार तरीके से उठाए गए। सदस्यों ने बताया कि कई गांवों में उप स्वास्थ्य केंद्र होने के बावजूद सीएचओ नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहते, जिससे ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।

साथ ही विद्युत व्यवस्था और पेयजल लाइन विस्तार से जुड़ी शिकायतों पर विभागों द्वारा औपचारिक जवाब दिए जाने से भी जनप्रतिनिधि असंतुष्ट नजर आए। सदस्यों का आरोप है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद सीईओ द्वारा क्षेत्र का दौरा नहीं किया जा रहा है।

जनपद पंचायत अध्यक्ष तुलसा परतेती ने कहा कि सामान्य सभा का उद्देश्य जनसमस्याओं का समाधान करना होता है, लेकिन अधिकारियों की उदासीनता के कारण स्थिति बिगड़ती जा रही है। उन्होंने बताया कि छिंदवाड़ा कलेक्टर को पत्र भेजकर सीईओ को तत्काल हटाने की मांग की गई है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो जनपद सदस्य जनपद पंचायत तामिया के समक्ष आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

बैठक में जनपद उपाध्यक्ष सुधीर अहले, जिला पंचायत सदस्य नवीन मरकाम, भाजपा मंडल अध्यक्ष पवन बंजारा सहित हरीश ऊईके, ईश्वर परतेती, देवी ऊईके, देवीसिंह पटेल, शशिकांता ऊईके, पार्वती डेहरिया समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ