जुन्नारदेव। नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास स्थित थोक सब्जी मंडी एक बार फिर अव्यवस्था और लापरवाही का शिकार नजर आई। रविवार को हाट बाजार के दिन यहां सैकड़ों वाहनों की आवाजाही के चलते मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।बताया जाता है कि मंडी में सब्जियां लेकर आने वाले चौपहिया लोडिंग वाहन सड़क पर ही खड़े हो जाते हैं। संकरी सड़क और पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण यातायात पूरी तरह बाधित हो जाता है। रविवार को भी यही स्थिति देखने को मिली, जब सड़क के दोनों ओर खड़े वाहनों के कारण मुख्य मार्ग जाम हो गया और बड़ी संख्या में वाहन फंस गए।
स्थिति तब और गंभीर हो गई जब एक एंबुलेंस भी इस जाम में फंस गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचने वाली यह आपातकालीन सेवा काफी देर तक जाम में अटकी रही, जिससे मरीजों की जान पर खतरा मंडराने की आशंका बनी रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि हर हाट बाजार के दिन ऐसी स्थिति बनती है।
नगरवासियों का आरोप है कि स्थानीय प्रशासन इस समस्या को लेकर गंभीर नहीं है। लंबे समय से मांग के बावजूद न तो मंडी को व्यवस्थित किया गया और न ही यातायात सुधार के लिए ठोस कदम उठाए गए। अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण सड़क की चौड़ाई भी कम हो गई है, जिससे जाम की समस्या और बढ़ रही है।लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग से अतिक्रमण हटाया जाए, सड़क को चौड़ा किया जाए और सब्जी मंडी में पार्किंग की समुचित व्यवस्था की जाए। साथ ही हाट बाजार के दिनों में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया जाए, ताकि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचने वाली आपात सेवाएं बाधित न हों।
अब सवाल यह उठता है कि आखिर इस अव्यवस्था के लिए जिम्मेदार कौन है—प्रशासन की अनदेखी, शासन की उदासीनता या फिर सब्जी मंडी की बदइंतजामी? जब तक इस सवाल का जवाब तय नहीं होता, तब तक नगरवासियों को ऐसे ही जाम और परेशानियों का सामना करना पड़ता रहेगा।
0 टिप्पणियाँ