जुन्नारदेव। थाना जुन्नारदेव पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार थाना अपराध क्रमांक 150/2026 के तहत 34(ए) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।
घटना 24 अप्रैल 2026 को शाम करीब 6 बजे अल हबीब बाबा के सामने मेन रोड किनारे डुंगरिया रोड, जुन्नारदेव में सामने आई। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपक (20 वर्ष) निवासी वार्ड नं. 10 पंचशील कॉलोनी जुन्नारदेव एवं दिलीप (32 वर्ष) निवासी ग्राम खजरी फुलसा थाना जुन्नारदेव को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक थैले में रखे 21 नग किंगफिशर अल्ट्रा बीयर केन (प्रत्येक 500 एमएल) कुल कीमत 3780 रुपये तथा एक सफेद रंग की TVS कंपनी की इलेक्ट्रिक स्कूटी क्रमांक MP28ZD8150 की डिक्की से 14 नग किंगफिशर अल्ट्रा बीयर केन (प्रत्येक 500 एमएल) कुल कीमत 2520 रुपये बरामद किए गए। इसके अलावा परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी, जिसकी कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई गई है, को भी जब्त किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
0 टिप्पणियाँ