स्कूल की दीवारों पर अश्लील लिखावट का खुलासा: शिक्षिका पर लगे गंभीर आरोप, कार्रवाई की मांग तेज

स्कूल की दीवारों पर अश्लील लिखावट का खुलासा: शिक्षिका पर लगे गंभीर आरोप, कार्रवाई की मांग तेज
तामिया। तामिया विकासखंड के अंतर्गत ग्राम सीताडोंगरी स्थित शासकीय स्कूल में पिछले तीन महीनों से दीवारों पर लिखी जा रही अश्लील गालियों का मामला अब चौंकाने वाले मोड़ पर पहुंच गया है। अब तक अज्ञात असामाजिक तत्वों पर संदेह जताया जा रहा था, लेकिन हाल ही में सामने आए वीडियो में एक शिक्षिका पर ही इन कृत्यों को अंजाम देने का आरोप लगा है।

विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि स्कूल की दीवारों पर उनके नाम लिखकर अपशब्द और गाली-गलौज की जा रही थी, जिससे न केवल स्कूल का वातावरण खराब हो रहा था, बल्कि पूरे गांव में भी नाराजगी का माहौल बन गया था। इस संबंध में बीईओ, संकुल प्राचार्य, सहायक आयुक्त तथा देलाखारी पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई गई थी।
प्रभारी शिक्षक प्रदीप स्वर्णकार के अनुसार, “हम लोग पिछले तीन महीनों से इस मामले से परेशान थे। रात में निगरानी करने के बावजूद कोई गतिविधि नजर नहीं आई। इसके बाद सुबह के समय कैमरा लगाकर निगरानी की गई, जिसमें पिपरिया से आने वाली एक शिक्षिका को दीवारों पर अश्लील शब्द लिखते हुए देखा गया। इसका वीडियो भी हमारे पास मौजूद है।”
शिक्षकों और ग्रामीणों ने 10 अप्रैल को वीडियो साक्ष्य के साथ पुनः शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक संबंधित शिक्षिका के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे शिक्षकों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है और उन्होंने शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, इस मामले में बीईओ तामिया ने कहा कि वे जल्द ही तामिया पहुंचकर पूरे प्रकरण का प्रतिवेदन तैयार कर आगे की कार्रवाई के लिए भेजेंगे।

बाइट: प्रदीप स्वर्णकार, प्रभारी शिक्षक, सीताडोंगरी स्कूल

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ