आमला। रेलवे स्टेडियम आमला में तहसील कप रात्रिकालीन टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ किया गया। हवाई पट्टी के पास आयोजित यह प्रतियोगिता स्वर्गीय श्रीमती गनिता बाई ऊईके की स्मृति में ओम साईं टेंट के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है।
प्रतियोगिता में तहसील क्षेत्र के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है, जिससे क्षेत्र के क्रिकेट खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। प्रतियोगिता की खास बात यह है कि इसमें कुल 12 ऑनर्स ने अपनी-अपनी टीमें उतारी हैं। आईपीएल की तर्ज पर खिलाड़ियों की बोली लगाकर टीमों का गठन किया गया, जिससे युवाओं में खासा उत्साह रहा।
रात्रिकालीन प्रतियोगिता को ध्यान में रखते हुए रेलवे स्टेडियम में फ्लड लाइट की विशेष व्यवस्था की गई है। जगमग रोशनी के बीच खेले जा रहे मुकाबले दर्शकों को आकर्षित कर रहे हैं। उद्घाटन अवसर पर बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी, खिलाड़ी और नगरवासी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता का शुभारंभ नगरपालिका उपाध्यक्ष किशोर माथनकर ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं ग्रामीण और तहसील स्तर के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर देती हैं। खेलों से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।
आयोजन समिति द्वारा विजेता टीम के लिए 51 हजार रुपये नगद एवं ट्रॉफी तथा उपविजेता टीम के लिए 25 हजार रुपये नगद एवं ट्रॉफी निर्धारित की गई है। आकर्षक पुरस्कार राशि के चलते प्रतियोगिता में शामिल टीमों और खिलाड़ियों में जीत को लेकर खास उत्साह बना हुआ है।
आयोजन समिति के मुख्य सदस्य विकास ऊईके, सतीश मीना, राकेश धामोडे, गन्नू ठाकुर, अमित यादव, गोल्डी ठाकुर, आकाश यादव, सनी भमरकर, असलम शाह, जीतू मानकर और वासु तेजी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने बताया कि आगामी दिनों में प्रतियोगिता के रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे, जिसमें आमला तहसील की विभिन्न टीमें हिस्सा लेंगी। उद्घाटन समारोह में पूरे मैदान में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
0 टिप्पणियाँ