जुन्नारदेव विकासखंड का नाम रोशन: जुड़वां बहनों ने जिले में प्रथम और तृतीय स्थान किया हासिल

जुन्नारदेव विकासखंड का नाम रोशन: जुड़वां बहनों ने जिले में प्रथम और तृतीय स्थान किया हासिल


सच की आंखें न्यूज़ छिंदवाड़ा। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित कक्षा 10वीं के वर्ष 2026 के परीक्षा परिणाम में जुन्नारदेव विकासखंड के शासकीय एकीकृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हनोतिया की दो होनहार जुड़वां बहनों ने शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। कुमारी सुनैना पहाड़ेकर ने जिले में प्रथम स्थान एवं कुमारी सुप्रिया पहाड़ेकर ने तृतीय स्थान प्राप्त कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
ग्रामीण परिवेश और सीमित संसाधनों के बीच कठिन परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति अटूट समर्पण के बल पर दोनों बहनों ने यह उपलब्धि हासिल की। उनकी सफलता से पूरे क्षेत्र में हर्ष और गौरव का माहौल है।
विद्यालय के प्राचार्य श्री एल.एन. धुर्वे सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगी।
इस अवसर पर विषय शिक्षक संतोष कुमार यदुवंशी, मुरली पवार, सीमा ठाकुर, मनीष जैन, राकेश कुशवाह, धर्मेन्द्र सिंह एवं प्रदीप दरियापुरकर सहित अन्य शिक्षकों ने भी छात्राओं की सफलता पर हर्ष व्यक्त किया।
ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर जिले की प्रवीण्य सूची में शीर्ष स्थान प्राप्त करना इस बात का प्रमाण है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। दोनों बहनों की इस उपलब्धि ने न केवल विद्यालय बल्कि पूरे जुन्नारदेव क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
इस उपलब्धि पर राहुल जैन, राजीव गौतम एवं राकेश राय सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भी छात्राओं को शुभकामनाएं दीं।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ