सच की आंखें न्यूज़ परासिया। मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार नगर के सेक्टर क्रमांक 1 में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन वर्मा कोचिंग क्लास (वार्ड क्रमांक 20) में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों ने भाग लिया।कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं तिलक लगाकर की गई। उपस्थितजनों ने पूजन-अर्चन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान अभिलाषा साहू ने “बुद्धम शरणम् गच्छामि, धम्मम शरणम् गच्छामि, संघम शरणम् गच्छामि” मंत्र का अर्थ समझाया।कार्यक्रम में वक्ताओं ने बाबा साहब के जीवन, शिक्षा और संघर्षों पर प्रकाश डाला। वर्मा कोचिंग संचालक एवं अन्य वक्ताओं ने उनके कठिन परिश्रम, सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष और शिक्षा के महत्व को बताया। आराधना विद्यालय के प्राचार्य सैफ खान ने कहा कि बाबा साहब ने विदेशों में अध्ययन कर देश को नई दिशा दी।
परामर्शदाता मनीष कैथवास ने बाबा साहब के संदेश “शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो” को जीवन में अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी शिक्षा का महत्व सर्वोपरि है और हर अभिभावक को अपने बच्चों को शिक्षित करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों—दर्पण मालवीय, भूमिका बेलिया, अथर्व बावरिया, सिद्धि मालवीय, कृष्णा वर्मा, निहाल गोलहनी सहित अन्य को कॉपी, पेन एवं डायरी देकर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर ग्राम एवं नगर विकास प्रस्फुटन समितियों के सदस्य, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सेक्टर के अंतर्गत अंबाडा, इकलहरा, भमोडी, बडकुही, चांदामेटा सहित विभिन्न क्षेत्रों में भी रैली, संवाद और नारों के साथ अंबेडकर जयंती उत्साहपूर्वक मनाई गई।
कार्यक्रम के अंत में कमल राय द्वारा आभार व्यक्त किया गया एवं प्रसाद वितरण किया गया।
0 टिप्पणियाँ