चाय की टपरी पर रिश्वतखोरी! PHE कर्मचारी लोकायुक्त के हत्थे चढ़ा


सच की आंखें छिंदवाड़ा जिले में लोकायुक्त टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पीएचई विभाग के एक कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। खास बात यह रही कि रिश्वत का लेन-देन किसी सरकारी कार्यालय में नहीं, बल्कि सड़क किनारे एक चाय की टपरी पर किया जा रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अम्बाड़ा (परासिया) निवासी शिकायतकर्ता सौरभ मिश्रा ने लोकायुक्त जबलपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पीएचई विभाग में पदस्थ बाबू संदेश गजभिये ठेके के भुगतान के एवज में 6 प्रतिशत कमीशन, लगभग 25 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहा था।
शिकायत की पुष्टि के बाद लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। आरोपी बाबू ने सीधे पैसे लेने के बजाय पंप अटेंडेंट दर्पण मिश्रा को माध्यम बनाया और अंततः रिश्वत की रकम 14 हजार रुपये में तय हुई।
निर्धारित योजना के अनुसार खजरी रोड स्थित एक चाय की टपरी पर जैसे ही पंप अटेंडेंट ने शिकायतकर्ता से पैसे लिए, लोकायुक्त टीम ने मौके पर ही दबिश देकर उसे रंगेहाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान टीम ने रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली।
लोकायुक्त की इस कार्रवाई से जिले में हड़कंप मच गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ