छिंदवाड़ा। शहर में सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह का कोतवाली पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। दिन में रेकी कर रात में ताला लगे मकानों में सेंध लगाने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 10 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रेलवे कॉलोनी कुकड़ा निवासी सुरेंद्र विश्वकर्मा ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 4 मई 2026 को वे अपनी पत्नी के साथ सोनाखार स्थित नए मकान को देखने गए थे। रात में लौटने पर घर का ताला लगा मिला, लेकिन अंदर जाकर देखा तो आलमारी का सामान बिखरा पड़ा था और घर में रखे सोने-चांदी के जेवर सहित 80 हजार रुपये नगद चोरी हो चुके थे। मामले में कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 252/26 धारा 305(1), 331(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अजय पांडे के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे एवं नगर पुलिस अधीक्षक अजय राणा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी आशीष कुमार धुर्वे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि घटना वाले दिन शिवनगर कॉलोनी निवासी शेख अलमाश उर्फ छोटू खान, गजेन्द्र सोनवंशी और एक अन्य बाल अपचारी संदिग्ध रूप से इलाके में घूमते दिखाई दिए थे। पुलिस ने मुख्य आरोपी अलमाश को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना कबूल लिया।
आरोपियों ने दिन में मकान की रेकी की और रात में मकान के पीछे की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया। खिड़की से हाथ डालकर लकड़ी की सहायता से पिछला दरवाजा खोला और आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर तथा नगदी पार कर दी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का माल बरामद कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में शेख अलमाश उर्फ छोटू खान (18) निवासी शिवनगर कॉलोनी तथा गजेन्द्र सोनवंशी (19) निवासी मते कॉलोनी शामिल हैं, जबकि एक बाल अपचारी को भी पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी अलमाश के खिलाफ पूर्व में भी चोरी का मामला दर्ज है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने का हार, झुमकी, टॉप्स, चैन, बेंदी, अंगूठी, चांदी का करधन, पायल सहित घटना में प्रयुक्त एक्सेस मोटरसाइकिल जब्त की है। बरामद माल की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
पूरे मामले के खुलासे में निरीक्षक आशीष कुमार धुर्वे, उप निरीक्षक बृजेश रघुवंशी, रवि मालवी, प्रधान आरक्षक नितिन सिंह, आरक्षक आदित्य रघुवंशी, विकास बैस, अमित तोमर, अनिल बघेल, भास्कर बघेल और आदित्य नंदेवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक द्वारा पूरी टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा भी की गई है।
0 टिप्पणियाँ