जुन्नारदेव। शनिवार सुबह परीक्षा देने जा रही शासकीय महाविद्यालय जुन्नारदेव की एक छात्रा सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में छात्रा के साथ उसका भाई भी चोटिल हुआ है। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार नवेगांव टांडी निवासी छात्रा शनिवार सुबह करीब 7 बजे परीक्षा देने जुन्नारदेव आ रही थी। इसी दौरान रास्ते में मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया और वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में छात्रा के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं, जबकि मोटरसाइकिल चला रहे उसके भाई के हाथ में फ्रैक्चर बताया जा रहा है।
दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुन्नारदेव लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
परीक्षा समय बदलने की उठी मांग
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से परीक्षा समय में बदलाव की मांग की है। उनका कहना है कि वर्तमान में परीक्षाएं सुबह 7 बजे आयोजित होने के कारण दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले छात्र-छात्राओं को अंधेरे और जल्दबाजी में सफर करना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
जुन्नारदेव महाविद्यालय में नवेगांव, बोरदही, तामिया, सांगाखेड़ा और चावलपानी जैसे दूरस्थ क्षेत्रों से विद्यार्थी पढ़ाई करने आते हैं। परिजनों ने मांग की है कि परीक्षाएं सुबह 9 बजे से आयोजित की जाएं ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित यात्रा का समय मिल सके।
0 टिप्पणियाँ