एक झटके में जिंदगी खत्म… चलती कार पर पलटा कोयले से भरा ट्रक, कोयलांचल स्तब्ध!”

एक झटके में जिंदगी खत्म… चलती कार पर पलटा कोयले से भरा ट्रक, कोयलांचल स्तब्ध!”
परासिया के कोयलांचल क्षेत्र में गुरुवार को ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। चांदामेटा निवासी व्यवसायी और रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष मुकेश काले की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि देखने वालों की रूह कांप उठी।

मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को मुकेश काले अपने एक साथी मालवी के साथ कार से उरधन नेहरिया से झुर्रे की ओर जा रहे थे। उसी सड़क पर कोयले से भरा एक भारी ट्रक भी चल रहा था। बताया जा रहा है कि रास्ते के एक मोड़ पर कार ने ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की। तभी अचानक ट्रक का टायर फट गया और देखते ही देखते पूरा ट्रक अनियंत्रित होकर कार के ऊपर पलट गया।

हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और मदद के लिए दौड़ पड़े। कार पूरी तरह ट्रक और कोयले के नीचे दब चुकी थी। स्थानीय लोगों और शिवपुरी पुलिस ने करीब 45 मिनट तक लगातार रेस्क्यू चलाया। बड़ी मशक्कत के बाद मुकेश काले को बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे में उनके साथी घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।

मुकेश काले सिर्फ व्यवसायी ही नहीं, बल्कि सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय चेहरा माने जाते थे। रोटरी क्लब से जुड़े होने के कारण उनकी पहचान पूरे कोयलांचल में थी। हादसे की खबर फैलते ही चांदामेटा सहित आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। कई लोग अस्पताल और घटनास्थल पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि मुकेश काले का परिवार इन दिनों ऑस्ट्रेलिया में है। उनकी पत्नी और बेटा वहीं रह रहे हैं, जबकि एक बेटा भोपाल में निवास करता है। खुद मुकेश काले भी कुछ दिन पहले ही ऑस्ट्रेलिया से लौटे थे। किसी ने सोचा भी नहीं था कि घर लौटने के कुछ दिनों बाद ही ऐसा दुखद हादसा उनकी जिंदगी छीन लेगा।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी में ट्रक का टायर फटना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

मनेश पत्रकार आपसे पूछता है…
आखिर सड़कों पर भारी वाहनों की फिटनेस और सुरक्षा जांच को लेकर इतनी लापरवाही क्यों बरती जाती है? क्या ऐसे हादसों को सख्त निगरानी से रोका जा सकता है? अपनी राय कमेंट में जरूर बताइए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ