आदिवासी प्रीमियर लीग सीजन-2 : 30 मई से छिंदवाड़ा में होगा रोमांचक क्रिकेट महाकुंभ


सच की आंखें छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा महापौर एवं आयोजन समिति संरक्षक विक्रम अहके ने बताया की सर्व आदिवासी समाज छिंदवाड़ा के तत्वावधान में आदिवासी प्रीमियर लीग छिंदवाड़ा सीजन-2 का भव्य आयोजन 30 मई 2026 को प्रातः 8 बजे से इनर ग्राउंड, नागपुर रोड, छिंदवाड़ा में किया जाएगा। यह क्रिकेट प्रतियोगिता हार्ड टेनिस बॉल से खेली जाएगी।
पंजीयन की अंतिम तिथि 28 मई
आयोजन समिति ने बताया कि टीमों का नि:शुल्क पंजीयन 28 मई 2026 तक किया जा सकता है। प्रतियोगिता में कुल 16 टीमें भाग लेंगी, जिनमें जिले की विभिन्न तहसीलों — छिंदवाड़ा ग्रामीण, चौरई, बिछुआ, मोहखेड़, तामिया, जुन्नारदेव, अमरवाड़ा, हर्रई, परासिया, सौंसर, पांढुर्णा सहित अन्य क्षेत्रों की टीमें शामिल होंगी। प्रत्येक टीम 15 खिलाड़ियों की सूची प्रस्तुत कर सकेगी।
आकर्षक पुरस्कार राशि
प्रतियोगिता में विजेता टीम को ₹50,000 एवं उपविजेता टीम को ₹25,000 की नगद पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अतिरिक्त मैन ऑफ द सीरीज, बेस्ट बैटर, बेस्ट बॉलर, बेस्ट फील्डर एवं प्रत्येक मैच में मैन ऑफ द मैच पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति
उद्घाटन समारोह में सांसद विवेक बंटी साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। पूर्व राज्यपाल अनुसुईया उइके एवं नगरपालिक निगम छिंदवाड़ा के महापौर विक्रम अहके पूरी प्रतियोगिता के संरक्षक रहेंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव आयोजन के अध्यक्ष होंगे। विधायक कमलेश शाह, कलेक्टर हरेन्द्र नारायण एवं पुलिस अधीक्षक अजय पांडे विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
पात्रता एवं दस्तावेज अनिवार्य
आयोजन समिति ने स्पष्ट किया है कि प्रतियोगिता में केवल आदिवासी वर्ग के खिलाड़ी ही भाग ले सकेंगे। पंजीयन के लिए खिलाड़ियों को निर्धारित आवेदन फॉर्म के साथ वर्तमान फोटो, आधार कार्ड की फोटोकॉपी, संबंधित क्षेत्र का निवास प्रमाण पत्र एवं मोबाइल नंबर जमा करना अनिवार्य होगा। यदि किसी टीम में अन्य वर्ग का खिलाड़ी पाया गया तो उस टीम को प्रतियोगिता से तत्काल बाहर कर दिया जाएगा।
आयोजकों ने अधिक से अधिक खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों से इस प्रतियोगिता में सहभागिता कर इसे सफल बनाने की अपील की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ