सच की आंखें छिंदवाड़ा। “योग महोत्सव 2026” के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के 50 दिवस पूर्व जागरूकता कार्यक्रमों की शुरुआत की गई, जिसका उद्देश्य योग को जन-जन तक पहुँचाना है।जिला आयुष अधिकारी डॉ. प्रमिला यावतकर जी के आदेश अनुसार एवं जिला जेल जैलर श्री ज्ञानांशु भारतीय के अनुमोदन से जिला जेल में एक विशेष योग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में 600 से अधिक बंदियों को 21 जून 2026 को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया गया तथा उनके शारीरिक एवं मानसिक लाभों के बारे में समझाया गया। साथ ही उन्हें दैनिक जीवन में योग को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया, जिससे वे स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जी सकें। कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि नियमित योगाभ्यास स्वस्थ जीवन की कुंजी है तथा सूक्ष्म व्यायाम के माध्यम से शरीर को सक्रिय एवं रोगमुक्त रखा जा सकता है। कार्यक्रम का संचालन योग प्रशिक्षक डॉ. पवन नेमा द्वारा किया गया। इस अवसर पर आयुष विभाग से योग नोडल अधिकारी डॉ. धर्मेन्द्र मरावी, आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि नेमा (एमएस, प्रसूति एवं स्त्री रोग), सहायक योग नोडल अधिकारी डॉ. अंकुश साहू, डॉ. कनिका खरपुसे, डॉ. नीतू चौधरी, डॉ. रेणु सूर्यवंशी सहित जिला जेल प्रबंधन का सहयोग सराहनीय रहा।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितों को नियमित योग करने का संकल्प दिलाया गया।
0 टिप्पणियाँ